RANCHI: कोयलांचल धनबाद में सवारी वाहनों के साथ-साथ मालवाहक वाहन भी मजदूरों को साइट पर पहुंचाने के दौरान ओवरलोड हो अनियंत्रित होकर पलट रहे हैं। ताजा घटनाक्रम में NH 19 पर गोविंदपुर थाना क्षेत्र के खरकाबाद में एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। पिकअप वैन में मजदूरों के अलावे बिल्डिंग मटेरियल और उस में इस्तेमाल होने वाले औजार मौजूद थे। घटना में कुल 20 मजदूर घायल हुए हैं। जिसमें कई महिलाएं भी शामिल हैं। घटना के बाद आनन-फानन में धनबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
दो की स्थिति गंभीर
घटना के संबंध में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अस्पताल के ऑनर ने बताया कि उनका ही एक् नया साइट निरसा इलाके में चल रहा है। जहां मजदूर काम करने जा रहे थे। पिकअप में 20 लोग सवार थे। एक महिला को बचाने के चक्कर में पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई और सभी घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल लाया गया है ।सभी की स्थिति खतरे से बाहर है, फिर भी दो लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है ।
परिवहन विभाग कुम्भकर्णी निंद्रा में
आश्चर्य की बात यह है कि मालवाहक और पिकअप वैन में क्षमता से अधिक 20-20 लोगों को लोड करके एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जाता है और परिवहन विभाग एवं ट्रैफिक विभाग कुम्भकर्णी निंद्रा में रहती है और इस तरह की घटनाओं से कोई सबक नहीं लिया जाता।




















