रांची : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को झारखंड के रांची में एक रैली को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर गंभीर सवाल उठाए। खरगे ने दावा किया कि 22 अप्रैल, 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले से तीन दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक खुफिया रिपोर्ट मिली थी, जिसके आधार पर उन्होंने अपनी कश्मीर यात्रा रद्द कर दी थी। इस हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई थी, जिसमें ज्यादातर पर्यटक थे।
खरगे ने कहा, “22 तारीख को बहुत बड़ा आतंकी हमला हुआ। 26 बेगुनाह लोग मारे गए और सरकार ने माना कि इंटेलिजेंस फेलियर हुआ है और वे इसे सुधारेंगे। अगर उन्हें यह पता था, तो उन्होंने अच्छी व्यवस्था क्यों नहीं की?”
उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें यह जानकारी एक अखबार में पढ़ने को मिली थी। खरगे ने सवाल किया कि अगर सरकार को हमले की आशंका की जानकारी थी, तो पहलगाम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किए गए।
इंटेलिजेंस फेलियर की बात स्वीकारी, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई
केंद्र सरकार ने इस हमले को इंटेलिजेंस फेलियर माना था, लेकिन इसकी रोकथाम के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। खरगे के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में भी बहस तेज हो गई है।