बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस आज दिल्ली में समीक्षा बैठक कर रही है। इसी बैठक पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव (Pappu Yadav) ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में होने वाली इस समीक्षा बैठक में यह तय होगा कि किसने जिम्मेदारी ठीक तरह से निभाई, कहां चुनावी रणनीति में गड़बड़ी हुई और किस तरह आम जनता के अधिकारों को छीना गया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल उठे, चुनाव ईमानदारी से नहीं कराया गया और कई स्तरों पर गड़बड़ियां हुईं।
बिहार कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की मांग लगातार तेज हो रही है। कांग्रेस के कई नेता आलाकमान पर सवाल उठा रहे हैं और इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पप्पू यादव ने कहा कि यह मामला पार्टी की अनुशासन समिति का है। यह नेतृत्व का विषय है, मैं इसमें शामिल नहीं हूं। लोकतंत्र में असहमति स्वाभाविक है, लेकिन जो लोग इस्तीफा मांग रहे हैं उन्हें पहले अपने दायित्व और जिम्मेदारियों की समीक्षा भी करनी चाहिए।
अमित शाह ने बिहार बीजेपी नेताओं को दी सीहत.. कहा- विजय का घमंड ना पालें
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से सरकारी आवास खाली कराने के मामले पर पप्पू यादव ने कड़े शब्दों में विरोध जताया। उन्होंने कहा कि यह गलत है और बदले की राजनीति का संकेत देता है। बिहार में गरीबों का घर तोड़ा जा रहा है, दुकानदारों को निशाना बनाया जा रहा है। यह लोकतंत्र नहीं बल्कि हिटलरशाही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नालंदा से लेकर पटना तक लगातार गरीबों के आशियाने उजाड़े जा रहे हैं, जबकि नीतीश-लालू के शासन में ऐसा कभी नहीं हुआ। उन्होंने साफ कहा कि यह अन्याय बर्दाश्त नहीं होगा और वह इस मुद्दे को संसद में उठाएंगे।
बिहार में बुलडोजर और योगी मॉडल की चर्चा पर पप्पू यादव ने तल्ख टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि बिहार में कोई बुलडोजर मॉडल नहीं चल सकता। यहां नीतीश मॉडल या कर्पूरी ठाकुर, जेपी और लोहिया का रास्ता होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि नेता, अधिकारी और जमीन माफिया मिलकर गरीबों को उजाड़ने और कब्जा करने की साजिश में लगे हैं। लगातार हत्याएं हो रही हैं और मधेपुरा में खुलेआम गोलीबारी हुई, लेकिन सरकार खामोश है। उन्होंने कहा कि गरीबों के घर उजड़ने नहीं दिए जाएंगे और राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता में किसी तरह की बदले की कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
राबड़ी देवी को आवास खाली करने का नोटिस.. मांझी की पार्टी ने क्या कहा
आरजेडी द्वारा सरकारी बंगला खाली न करने की चेतावनी पर उन्होंने कहा कि अदालत का रास्ता अपनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने कभी राजनीतिक दुश्मनी में ऐसा कदम नहीं उठाया, इसलिए उन्हें देखना चाहिए कि आखिर इसके पीछे कौन है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मुद्दे पर गरीबों में गुस्सा है और किसी भी तरह की राजनीतिक बदले की कार्रवाई का पुरजोर विरोध किया जाएगा।
संसद में जय हिंद और वंदे मातरम नारे पर प्रतिबंध की चर्चा पर बोले पप्पू यादव ने कहा कि नारा लगाने की स्वतंत्रता सबको होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हम जय मानवता का नारा देते हैं और इंसानियत सर्वोपरि है। किसी भी जाति धर्म को ठेस पहुंचाना गलत है। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए हर लड़ाई लड़ी जाएगी और 1 तारीख से सदन में मुद्दे उठाए जाएंगे।
रामभद्राचार्य के आरक्षण खत्म करने के बयान पर उन्होंने कहा कि देश की बेहतरी शिक्षा, समान अवसर और आर्थिक विकास से होगी, न कि धार्मिक विवादों से। मंदिर-मस्जिद से देश तरक्की नहीं करता, बल्कि मजबूत अर्थव्यवस्था से आगे बढ़ता है। BLO की मौत पर उन्होंने जांच की मांग की और कहा कि एसआईआर लागू करने में जबरन निर्णय लिए जा रहे हैं जिनमें बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और चोरी की आशंका है।






















