बिहार विधानसभा चुनाव 2025 जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक बयानबाजी अपने चरम पर पहुंच गई है। इसी क्रम में जन अधिकार पार्टी (JAP) के प्रमुख राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव (Pappu Yadav) ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर करारा प्रहार किया है। पप्पू यादव ने बिहार की राजनीतिक और वैचारिक विरासत का हवाला देते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ बिहार की भूमि की आत्मा को नहीं समझ सकते, क्योंकि यह धरती नफरत नहीं, विचार, संघर्ष और परिवर्तन की भूमि है।
पप्पू यादव ने कहा — “योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं, उनका स्वागत है, लेकिन वे योगी नहीं, भोगी और बाबा हैं। बिहार कर्पूरी ठाकुर, जयप्रकाश नारायण और लोहिया की भूमि है। यह शून्य से शिखर तक पहुंचने की क्षमता रखने वाली भूमि है। नफरत और धर्म के नाम पर बिहार को कोई नहीं तोड़ सकता। यहां की युवा पीढ़ी इसे कभी स्वीकार नहीं करेगी।”
अपने बयान में पप्पू यादव ने नीतीश कुमार को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा — “योगी पहले भी बिहार आए थे, उन्होंने बिहार के डीएनए को देखा भी था और बिहार को गाली भी दी थी। एनडीए को जितनी सीटें मिलती हैं, वो नीतीश कुमार के कारण ही मिलती हैं। उनके बिना इनका कोई राजनीतिक आधार नहीं है।”
पप्पू यादव ने हाल ही में कोलकाता में हुई सामूहिक बलात्कार की घटना पर भी अपनी नाराज़गी जाहिर की। उन्होंने कहा — “देश में अब मुद्दे खत्म हो गए हैं। बलात्कार होते हैं, कुछ दिन चर्चा होती है और फिर सब शांत हो जाते हैं। यह सबसे खतरनाक स्थिति है कि अब बलात्कार भी मुद्दा नहीं रहा।”
पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम के ऑपरेशन ब्लू स्टार पर दिए गए बयान का समर्थन करते हुए पप्पू यादव ने कहा — “उन्होंने सही कहा है। इंदिरा गांधी का फैसला सही था या गलत, यह वक्त और परिस्थिति के हिसाब से तय होता है। उसी फैसले की कीमत इंदिरा गांधी को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।”






















