बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु के बयान पर कि कांग्रेस बिहार में राजद की B टीम नहीं बल्कि A टीम बन के चुनाव लड़ेगी, इस पर पुरनिया के सांसद पप्पू यादव ने कहा कि मैं कांग्रेस प्रभारी को बधाई दूंगा। ये सही बात है। कांग्रेस ही BJP से लड़ सकती है। जो कांग्रेस प्रभारी ने कहा है वह सही है। बिना कांग्रेस के आप NDA गठबंधन को परास्त नहीं कर सकते।
इस दौरान उन्होंने सीएम नीतीश कुमार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश जी का चेहरा भाजपा को कभी पसंद नहीं था। वो तो जदयू के पसंद हैं। भाजपा में मुख्यमंत्री का कोई चेहरा है भी नहीं। स्नो पाउडर लगा के जबरदस्ती किसी को बना दीजिये, वो अलग बात है। लेकिन भाजपा के पास भी नीतीश से अच्छा चेहरा सीएम के लिए नहीं है।
काम-धाम से कोई मतलब है जी?.. बजट से पहले तेजस्वी का सीएम नीतीश पर तंज
वहीं उन्होंने तेजस्वी यादव पर तंज कसा है। तेजस्वी यादव ने सामाजिक पेंशन बढ़ाने की जो बात कही है उस पर पप्पू यादव ने कहा कि जब सरकार में थे तब समाज याद नहीं आता था। आप भी तो सरकार में थे, तब पेंशन क्यों नहीं बढ़ा दिया। अब चुनाव का मौसम है तो सब बड़ी बड़ी बात ही करेंगे। उन्होंने कहा कि बीपीएससी पर कोई नहीं बोल रहा है। इस पर सदन भी नहीं चलने देना चाहिए।
बता दें कि बिहार की राजनीति में कांग्रेस ने अपना सियासी दांव खेल दिया है! कल प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने पटना एयरपोर्ट पर ‘कांग्रेस की B टीम’ वाले तंज का जवाब देते हुए ऐलान किया कि इस बार कांग्रेस जनता की A टीम बनकर चुनाव लड़ेगी। हम मजबूती से चुनाव लड़ेंगे और पार्टी को मजबूत करेंगे!