बिहार की सियासत पल-पल बदल रही है। आजकल लोकसभा चुनाव का माहौल है तो पार्टी छोड़ने और पकड़ने का सिलसिला काफी तेज हो चला है। एक ओर जेडीयू में जहाँ भगदड़ मची हुई है वहीं महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर घमासान मचा हुआ है। पूर्व मंत्री और जेडीयू विधायक बीमा भारती ने जेडीयू से रिजाइन करके आरजेडी की सदस्यता ले लीं।
लालू यादव के आश्वासन पर जदयू से बगावत करने वाली बीमा भारती अब आधिकारिक तौर पर आरजेडी के साथ हो गई हैं। माना जा रहा है कि वो पूर्णिया से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। इस खबर से नए-नए कांग्रेसी बने पप्पू यादव की नींद उड़ गई। ये खबर जैसे ही पप्पू यादव को मिली उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि ‘मर जाएंगे कांग्रेस नहीं छोड़ेंगे, दुनिया छोड़ देंगे, पूर्णिया नहीं छोड़ेंगे।’

माना जा रहा है कि पप्पू यादव हर हाल में पूर्णिया से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। 19 मार्च की रात पप्पू यादव ने लालू यादव से मुलाकात के बाद पूर्णिया से चुनाव लड़ने का मान बनाया था। इसके अगले दिन ही 20 मार्च को उन्होंने जाप पार्टी को कांग्रेस में विलय कर दिया। कांग्रेस से पूर्णिया से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं इसी बीच इस तरह की घोषणा करने का मतबल साफ है कि बीमा भारती पूर्णिया से चुनाव लड़ने जा रही है।
इधर राजद सुप्रीमो लालू यादव बिना कांग्रेस का परवाह किए सिंबल पर सिंबल बांटे जा रहे हैं। अब तक उन्होंने कांग्रेस और महागठबंधन के किसी दल को बिना कुछ बताए ही 8 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं। जिसका विरोध कांग्रेस की तरफ से नहीं किया गया है। सिंबल दिए जाने की तस्वीर भी जारी की जाती है। कांग्रेस ना तो राजद सुप्रीमो के इस फैसले का विरोध कर रही है और ना ही इस फैसले पर सहमति जता रही है। बिहार में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने साफ कह दिया है कि उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए लालू प्रसाद यादव की तरफ से टिकट बंटवारे की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।




















