Pankh 2026: राजधानी पटना एक बार फिर शिक्षा, प्रतिभा और नवाचार का बड़ा केंद्र बनने जा रही है। 17 और 18 जनवरी को आयोजित होने वाले दो बड़े शैक्षणिक आयोजनों के जरिए हजारों स्कूली बच्चों को ऐसा मंच मिलने जा रहा है, जहां वे न सिर्फ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे बल्कि आत्मविश्वास, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच को भी नई उड़ान देंगे। बाल्डविन सोसायटी और पाटलिपुत्र सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स के संयुक्त प्रयास से ये आयोजन शिक्षा के बदलते स्वरूप और नई पीढ़ी की जरूरतों को रेखांकित कर रहे हैं।
18 जनवरी को आयोजित होने वाला ‘पंख 2026’ मल्टी टैलेंट शो स्कूली बच्चों के लिए एक बड़ा अवसर साबित होने जा रहा है। इस मंच पर पटना के करीब 600 स्कूलों से कक्षा एक से आठ तक के हजारों बच्चे हिस्सा लेंगे। संगीत, नृत्य, पेंटिंग, कविता और भाषण जैसी विधाओं में बच्चे अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। खास बात यह है कि यह कार्यक्रम पूरी तरह निःशुल्क है, जिससे समाज के हर वर्ग के बच्चों को समान अवसर मिल सके। बाल्डविन सोसायटी के अध्यक्ष राजीव रंजन सिन्हा के मुताबिक पंख का मूल उद्देश्य बच्चों को एक्सपोजर देना और उनमें आत्मविश्वास पैदा करना है, ताकि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित न रहे बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का माध्यम बने।
उन्होंने कहा कि आज की शिक्षा का असली मकसद बच्चों को मंच देना है, जहां वे खुद को पहचान सकें और बिना किसी दबाव के अपनी क्षमता दिखा सकें। इसी सोच के साथ पंख 2026 को प्रस्तुत किया जा रहा है, जो बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक मजबूत कदम है। इस कार्यक्रम में आईपीएस अंजनी कुमार झा, लेफ्टिनेंट नीरज कुमार, आईईएस विनीत भारद्वाज और वारिसनगर के विधायक मंजरिक मृणाल समेत कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे, जो बच्चों का उत्साह बढ़ाएंगे।
इससे एक दिन पहले यानी 17 जनवरी को बाल्डविन एकेडमी, धवलपुरा में पाटलिपुत्र सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स की ओर से मेगा स्टेम इंटर स्कूल प्रदर्शनी 2025-26 का आयोजन किया जाएगा। “लेट आइडियाज़ स्पार्क” थीम पर आधारित इस प्रदर्शनी में 50 से अधिक सीबीएसई से संबद्ध विद्यालयों के छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे और विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित पर आधारित नवाचारी प्रोजेक्ट्स पेश करेंगे।
यह प्रदर्शनी राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और सीबीएसई की शैक्षणिक दृष्टि के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा आधारित सीख और वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान की क्षमता विकसित करना है। कार्यक्रम में सीबीएसई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख राजीव शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में और पटना विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर राज बिहारी प्रसाद सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। दोनों विशेषज्ञ विद्यार्थियों से संवाद कर स्टेम शिक्षा और अनुभव आधारित अधिगम के महत्व पर प्रकाश डालेंगे।


















