बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को दानापुर के सगुना खगौल रोड स्थित जीवा ज्वेलरी शॉप में 50 लाख की लूट की घटना सामने आई है। हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े इस वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी।
शॉप के स्टाफ के अनुसार, सुबह शॉप खुलते ही पांच से अधिक बदमाश ग्राहक बनकर अंदर आए। उनमें से एक ने अंगूठी दिखाने को कहा। स्टाफ अंगूठी दिखाने लगा, तभी उसने कहा कि वह अपनी भाभी को लेकर आएगा और शॉप से बाहर चला गया। इसके बाद उसका दूसरा साथी आया और उसने पिस्टल तान दी। देखते ही देखते बाकी बदमाश भी अंदर आ गए। उन्होंने हथियार के बल पर कर्मचारियों को धमकाया और बैग में ज्वेलरी भरने को कहा।
घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एएसपी भानु प्रताप सिंह और सिटी एसपी पश्चिमी सरथ आर एस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने ज्वेलरी शॉप के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने का काम शुरू कर दिया है।
एएसपी भानु प्रताप सिंह ने कहा कि “घटना के दौरान शॉप के सीसीटीवी कैमरे चालू थे। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”




















