पटना से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे जानकर आप हैरान हो जाएंगे। दरअसल, दो सगी बहनें सौतन की तरह सड़क पर लड़ते हुए नजर आई। एक ही व्यक्ति के लिए दोनों बहन अपने में लड़ने लगी और दोनों उस शख्स को अपना पति बताने लगी। ये मामला दीघा थाना का है।
दरअसल, दीघा थाने में पति को लेकर घंटों हाई वोल्टेज ड्रामा चला। इस दौरान कभी छोटी बहन अपना पति बता रही थी, तो वहीं बड़ी बहन भी उसे अपना पति बता रही थी। बड़ी बहन शख्स से पूछ रही थी कि तुम्हारी शादी किससे हुई है। हालांकि, पुलिस ने बड़ी बहन पिंकी देवी की शिकायत पर आरोपी पति नीरज कुमार उर्फ मुन्ना को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि नीरज की पत्नी ने प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई थी। इसको लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पिंकी देवी ने बताया कि पति नीरज कुमार पिछले 1 साल से छोटी बहन के साथ रह रहा है। दोनों के बीच अवैध संबंध है। इसका विरोध करने पर मारपीट करता था। छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिसे मारने की धमकी भी देता है। 11 अक्टूबर को घर से मारकर बाहर निकाल दिया। इसकी सूचना एक महिला संगठन और दीघा थाने को दी। रविवार को महिला संगठन की मदद से दोनों को पकड़ लिया और थाने लेकर पहुंचे।
पिंकी देवी ने बताया कि छोटी बहन की शादी कहीं और हुई थी। उसका उस लड़के के साथ ज्यादा दिनों तक रिश्ता टिका नहीं। आए दिन लड़ाई की वजह से दोनों की शादी टूट गई। इसके बाद मेरी छोटी बहन अकेले रह रही थी। इस दौरान मेरे पति से उसकी नजदीकी बढ़ी और दोनों ने एक दिन मंदिर में छुपके से शादी कर ली।
वहीं, दीघा थानाध्यक्ष ब्रज किशोर सिंह ने बताया कि प्रताड़ना के आरोप में पिंकी देवी के पति नीरज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। नीरज पटना कुर्जी का रहने वाला है। महिला की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है।




















