पटना में सूर्या अपार्टमेंट के 9वीं माले के फ्लैट में बुधवार शाम 8 बजे आग लग गई थी। घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया था, लेकिन घटना के 36 घंटे बाद भी बिल्डिंग में पानी और बिजली की सप्लाई बहाल नहीं हो सकी है। जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। यहां अलग-अलग फ्लैट में 200 से ज्यादा लोग रहते हैं। अपार्टमेंट में कई कार्यालय और फ्लैट हैं।
दो दिनों से बिल्डिंग में ना तो कोई कार्यालय खुला है और ना ही किसी फ्लैट के दरवाजे। गार्ड सुदामा ने बताया कि घटना के दिन से ही बिजली और पानी बंद है। यहां रहने वाले लोग भी नहीं आ रहे हैं। पूरी बिल्डिंग खाली है। बिजली के लिखित मांगा गया था, लेकिन दिया नहीं गया है। शायद इसलिए अभी तक बिजली कटी हुई है।
वहीं, दुकानदार नेपाल यादव भी इस घटना के बाद से परेशान है। उन्होंने बताया कि बिजली-पानी बंद होने से यहां कोई नहीं आ रहा है। ऑफिस तक नहीं खुला है। ऐसे में धंधा चौपट हो गया है। परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। घटना के बाद बिजली सप्लाई को बंद कर दिया गया था।
पटना के फ्रेजर रोड में सूर्या अपार्टमेंट के 9वें फ्लोर पर बुधवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। चंद मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। दमकल की 3 हाइड्रोलिक, 3 वाटर बाउजर, और 15 दमकल की गाडियां मौके पर पहुंचीं। आग को बुझाने में अग्निशमन के 75 कर्मी लगे थे। साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया था।
सूर्या अपार्टमेंट के 9वें तल्ले पर जिस फ्लैट में आग लगी वो फ्लैट बालिका वधू फेम कलाकार नेहा मर्दा अग्रवाल का है। जब आग लगी तो फ्लैट में ताला लगा हुआ था। आसपास के लोगों ने बताया कि सभी लोग मुंबई में रहते हैं। वो लोग जब कभी भी पटना आते हैं तो यहीं रहते हैं। फ्लैट उनके ससुर ओमप्रकाश अग्रवाल के नाम पर रजिस्टर्ड है। ससुर ने यह फ्लैट खरीदकर नेहा मर्दा को गिफ्ट किया था। 10 फरवरी 2012 को नेहा और आयुष्मान अग्रवाल की शादी हुई थी।




















