Voter Adhikar Yatra: पटना में आज महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा का अंतिम चरण आयोजित किया जा रहा है। गांधी मैदान से शुरू होकर यह यात्रा बेली रोड स्थित अंबेडकर पार्क तक जाएगी। यात्रा के चलते जिला प्रशासन ने राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं। इसका सीधा असर आम लोगों के सफर पर पड़ रहा है क्योंकि सुबह से ही कई मुख्य मार्गों पर गाड़ियों की आवाजाही रोक दी गई है।
गांधी मैदान और आसपास के क्षेत्रों में ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। पटना जंक्शन से गांधी मैदान की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भी वैकल्पिक रास्तों से होकर गुजरना होगा। प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए कई रास्तों को ब्लॉक किया है और कुछ जगहों पर डायवर्जन लागू किया गया है।
सबसे बड़ी दिक्कत उन यात्रियों को हो रही है जिन्हें रोजाना काम के लिए डाक बंगला चौराहा, जेपी गोलंबर, राम गुलाम चौक और एग्जीबिशन रोड से होकर गुजरना पड़ता है। इन क्षेत्रों में गाड़ियों को डायवर्ट कर दिया गया है और गांधी मैदान की ओर जाने की अनुमति नहीं है। मछुआ टोली और छज्जू बाग से गांधी मैदान जाने वाले मार्ग भी सील कर दिए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि यह कदम भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी है। हालांकि, आम लोगों को इससे काफी परेशानी हो रही है। सुबह से ही कई यात्रियों को लंबा रूट लेना पड़ा, जिससे समय और ईंधन दोनों की खपत बढ़ गई।
इस दौरान गांधी मैदान, डाक बंगला चौराहा, स्टेशन गोलंबर, महाराणा प्रताप गोलंबर और स्वामीनारायण तिराहा के आसपास पुलिस और ट्रैफिक जवानों की तैनाती बढ़ा दी गई है। यात्रा खत्म होने के बाद ही ट्रैफिक सामान्य होने की संभावना है।






















