भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता और गायक पवन सिंह (Pawan Singh Bail) को आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मामले में बड़ी राहत मिली है। अनुमंडल व्यवहार न्यायालय, डेहरी के अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी रजत दीप की अदालत में मंगलवार को पेशी के बाद उन्हें जमानत दे दी गई, जिससे उन्हें जेल नहीं जाना पड़ा। लोकसभा चुनाव 2024 से जुड़े इस मामले ने एक बार फिर भोजपुरी स्टार की राजनीति और कानूनी चुनौतियों को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
वाई-प्लस सुरक्षा घेरे में कोर्ट पहुंचे पवन सिंह की मौजूदगी ने अदालत परिसर में भारी हलचल पैदा कर दी। कोर्ट में प्रवेश से पहले जब मीडिया कर्मी उनकी फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग करने लगे तो उनके बाउंसरों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों और पत्रकारों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कुछ मीडियाकर्मियों ने आरोप लगाया कि कैमरा छीनने की धमकी तक दी गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। यह घटनाक्रम सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
सांसद पप्पू यादव का खुला पत्र बना सत्ता बनाम सच की जंग का प्रतीक
जानकारी के अनुसार यह मामला वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान दर्ज हुआ था। पवन सिंह के अधिवक्ता और अनुमंडल विधिक संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार अज्ञानी ने बताया कि आकोढ़ीगोला थाना में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोप था कि चुनाव प्रचार के दौरान बिना अनुमति निर्धारित संख्या से अधिक वाहनों के साथ रोड शो निकाला गया, जो चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के खिलाफ था। इसी मामले में मंगलवार को अदालत में पेशी हुई, जहां सुनवाई के बाद न्यायालय ने उन्हें जमानत दे दी।






















