लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण का मतदान जारी है। बिहार के आठ सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान हो रहा है। इस दौरान कई जगह पर मतदान को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है तो वहीं कई जगह जनता मतदान का विरोध कर रही है। सासाराम के संसदीय क्षेत्र में मतदान को लेकर जनता में काफी नाराजगी देखी गई है। इस दौरान वहां जनता और पुलिस के बीच झड़प भी हो गई। इस झड़प में एक जवान गंभीर रुप से घायल हो गया।
बिहार में दोपहर 1 बजे तक 35.65 परसेंट पोलिंग… पटना साहिब में अब भी रफ़्तार धीमी
कार्रवाई में जुटी पुलिस
सासाराम संसदीय क्षेत्र के कैमूर जिला अंतर्गत चांद प्रखंड के बहदुरा में ग्रामीण और पुलिस के बीच भिडंत हो गयी। ग्रामीणों के हमले में एक जवान का सर फट गया। जिसके बाद आनन-फानन में जख्मी जवान को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। मामले को लेकर बताया जा रहा है गांव के लोग पानी और सड़क को लेकर मतदान का बहिष्कार कर रहे थे। इसी क्रम में गांव के दो लोगों के द्वारा प्राथमिक विद्यालय बहादुर के बूथ पर जाकर अपना मतदान किया। जब उक्त दो ग्रामीण मतदान करके बाहर निकले तो उनके साथ अन्य ग्रामीणों द्वारा मारपीट की जाने लगी। जिसे देखकर वहां तैनात पुलिसकर्मी पहुंचे और मतदान करने वाले दोनो लोगों का बचाव करने लगे। इस दौरान ग्रामीणों ने बचाव करने वाले पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया। जिसमें एक जवान घायल हो गए। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में पुलिस बल एवं जिले से अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। हमला करने वाले ग्रामीणों पर पुलिस द्वारा कार्रवाई शुरू कर दी गई है।




















