चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की पदयात्रा कई दिनों से स्थगित है। हालांकि वो लगातार बयान जारी कर अलग-अलग पार्टियों पर हमला कर रहे हैं। कुछ दिनों पहले बीजेपी, जेडीयू और आरजेडी पर निशाना साधा था तो अब उन्होंने कांग्रेस के नेताओं पर हमला बोला है। शुक्रवार (30 जून) को प्रशांत किशोर ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया। कहा कि आज कांग्रेस बिहार में कहीं नहीं है और न कोई नेता जमीन पर दिखता है।
कांग्रेस पार्टी बिहार में कमजोर
प्रशांत किशोर ने कहा कि कांग्रेस आज महागठबंधन वाली सरकार में शामिल है। सरकार में बहुत लोग शामिल हैं, लेकिन इससे क्या हो गया? आज कांग्रेस राजनीतिक संगठन होने के नाते बिहार में कहीं नहीं है। न ही उनके नेता कुछ करते दिखते हैं। प्रशांत किशोर ने कहा कि इस बार कांग्रेस कर्नाटक का चुनाव जीती है, लेकिन कर्नाटक में मिली जीत को कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव की जीत के तौर पर न देखे।
प्रशांत किशोर ने कांग्रेस को इस तरह समझाया
पीके ने आगे कहा कि कर्नाटक विधानसभा के लिए 2013 में हुए चुनाव में कांग्रेस जीतकर आई, उसके एक साल बाद ही 2014 के आम चुनाव में बीजेपी सबसे अधिक लोकसभा की सीटें जीतकर आई। 2018 के दिसंबर में राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस जीतकर आई, लेकिन इसके ठीक चार महीने बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन बहुत ही बुरा रहा और खाता तक नहीं खुला। मैं कांग्रेस या अन्य पार्टियों को भी बता रहा हूं कि देश में हर चुनाव एक अलग चुनाव होता है।