बिहार के उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि बिहार बजट की पूरी तैयारी कर ली गई है और बिहार की बजट में बिहार की नई समृद्धि देखने को मिलेगी। बिहार की बजट में वह सभी चीज होगी जो प्रदेश के विकास के लिए जरूरी है। आधारभूत संरचना, सिंचाई, शिक्षा , विशेषतः खेल और रोजगार आदि के लिए विशेष योजनाओं की झलक आपको बजट में देखने को मिलेगी। वित्त मंत्री ने कहा कि इस बजट के द्वारा बिहार के विकास की नई अवधारणा लिखी जाएगी।
इंडिया विधायकों को तोड़े जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा में भ्रष्टाचारी नहीं है कि कोई तोड़ लेगा। यह चीज भूल जाइए। तेजस्वी यादव जी का एक-एक फाइल को हमने खोलना शुरू कर दिया है। तेजस्वी को चेतावनी देते हुए सम्राट ने कहा कि आपको यह बताना होगा कि पैसा कहां से आया और किन-किन लोगों के पास गया और एक-एक पैसा आपको लौटाना होगा।
भाजपा विधायकों को बोधगया ले जाने पर उन्होंने कहा कि वहां भजपा की विशेष कार्यशाला आयोजित हो रही है, जिसमें नई बिहार कार्यक्रम पर सेमिनार का आयोजन हो रहा है। जिसके बारे में विधायकों को जानकारी भी दी जाएगी।
ED के लालू परिवार से लगातार की जा रही पूछताछ पर सम्राट चौधरी ने तंज़ कसते हुए कहा कि लालू परिवार को बताना चाहिए कि तेजस्वी यादव इतनी कम उम्र में अरबपति कैसे हो गए। मात्र 1.5 सालों में अरबपति बनने का ये कौन सा मैकेनिज्म (प्रक्रिया) है ! तेजस्वी को तो हर युवा को ये गुप्त स्कीम बतानी चाहिए कि इतने कम समय में कैसे अरबपति बन सकते हैं,इससे युवाओं का भी उद्धार होगा।




















