RANCHI : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत 508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिलान्यास किया गया। इनमें रांची रेल मण्डल के हटिया एवं पिस्का स्टेशन शामिल हैं। हटिया स्टेशन के लिए 355 करोड़ रुपए तथा पिस्का के लिए 27 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। हटिया एवं पिस्का स्टेशन के साथ इस योजना के तहत झारखंड राज्य के कुल 20 स्टेशनों के पुनर्विकास का शिलान्यास किया गया। करोड़ों रुपए खर्च कर इन दोनों स्टेशनों को वर्ल्ड क्लास लुक दिया जाएगा।
हटिया में बनेगी मल्टी स्टोरी बिल्डिंग
हटिया में पुनर्विकास योजना के अंतर्गत इसे विश्वस्तरीय स्टेशन बनाया जाएगा। हटिया स्टेशन पर मल्टी स्टोरी बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा। जिसमे भोजनालय, वेटिंग रूम, लिफ्ट, अन्य सुविधाएं होंगी। साथ ही फूटओवर ब्रिज, रिटाइरिंग रूम, अतिरिक्त प्लेटफार्म का भी निर्माण किया जाएगा। पुनर्विकास योजना के अंतर्गत पिस्का स्टेशन में नयी स्टेशन बिल्डिंग, फूटओवर ब्रिज, वेटिंग रूम, लिफ्ट, पार्किंग, दिवयांगजनों के लिए रैंप, सहित अन्य यात्री सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा।
ये रहे मौजूद
हटिया में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल झारखंड सी पी. राधाकृष्णन, परिवहन मंत्री झारखंड चंपई सोरेन, सांसद रांची संजय सेठ, सांसद राज्य सभा दीपक प्रकाश, पद्मभूषण पूर्व केंद्रीय मंत्री कड़िया मुंडा, पद्मश्री मुकुन्द नायक और दीपिका कुमारी, क्षेत्रीय रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति तथा मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति के सदस्य, केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार के विभिन्न कार्यालयों विभागों के प्रतिनिधि, विभिन्न बैंकों, संस्थानों के प्रतिनिधि, स्कूली बच्चे तथा बड़ी संख्या में रांची के गणमान्य नागरिक एवं यात्री उपस्थित थे।
राज्यपाल ने किया सम्मानित
महाप्रबंधक दक्षिण पूर्व रेलवे अनिल कुमार मिश्रा ने सभी सम्माननीय अतिथियों का स्वागत किया तथा स्वागत सम्बोधन करते हुये कार्य योजना पर प्रकाश डाला। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन द्वारा अभिभाषण दिया गया और विभिन्न स्कूलों में आयोजित चित्रांकन प्रतियोगिता के विजयी बच्चों को पुरस्कृत किया गया। परिवहन मंत्री झारखंड चंपई सोरेन, सांसद रांची संजय सेठ, सांसद राज्य सभा दीपक प्रकाश और कड़िया मुंडा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। मण्डल रेल प्रबन्धक श्री प्रदीप गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन किया।




















