बिहार दौरे के दूसरे दिन सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) पटना सिटी स्थित तख्त श्री हरमंदिर साहिब गुरुद्वारे पहुंचे। पीएम ने यहां माथा टेका। अरदास की और लंगर भी खाया। पीएम यहां करीब 20 मिनट रुके। उनके साथ रविशंकर प्रसाद और अश्विनी चौबे भी थे। पीएम मोदी अपने दो दिवसीय बिहार दौरे पर रविवार की शाम को पटना पहुंचे हैं।
रविवार को पटना में उन्होंने रोड शो किया। रात्रि विश्राम भी प्रधानमंत्री ने पटना स्थित राजभवन में किया। वहीं सोमवार की सुबह पीएम मोदी तय कार्यक्रम के अनुसार पटना के तख्त साहिब पहुंचे। पीएम मोदी सिख पगड़ी पहनकर पटना साहिब गुरुद्वारे पहुंचे। उन्होंने दरबार साहिब में मत्था टेका और लंगर का भी यहां प्रधानमंत्री ने स्वाद चखा। पटना साहिब गुरुद्वारा से पीएम मोदी सीधे हाजीपुर जाएंगे जहां जनसभा को संबोधित करेंगे।
वहीं पीएम के गुरुद्वारा आगमन को लेकर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गयी थी। हाई अलर्ट मोड पर पुलिस प्रशासन की टीम दिखी। कंगन घाट से चौक थाना होते हुए गुरुद्वारा तक बैरिकेडिंग की गयी थी। बड़ी संख्या में पुलिस जवानों और पदाधिकारियों की तैनाती की गयी थी। सरकारी व प्राइवेट भवनों की छत से सुरक्षाकर्मी पहरा देते दिखे।




















