समस्तीपुर के सरायरंजन के उदयपुर में चल रहे भागवत कथा के तीसरे दिन देश के जाने-माने कथा वाचक अनिरुद्ध आचार्य महाराज ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आजीवन सीएम बने रह सकते हैं, इसके लिए उन्हें बिहार में जितने भी बुचर खाने चल रहे हैं उसका लाइसेंस रद्द करना होगा। गाय को राजमाता का दर्जा देना होगा।
धार्मिक प्रवचनकर्ता अनिरुद्धाचार्य जी महाराज ने बिहार में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सलाह दी कि अगर वे राज्य में गाय वध को रोक दें, तो वह जीवनभर मुख्यमंत्री बने रह सकते हैं। महाराज ने बिहार सरकार से यह भी आग्रह किया कि गाय को ‘राज्य माता’ घोषित किया जाए। इस बीच, बिहार की राजनीति गर्म हो गई है, क्योंकि अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाला है। एनडीए और विपक्षी गठबंधन ‘INDIA’ दोनों मतदाताओं को रिझाने में लगे हैं। बढ़ते अपराध, बाढ़ और पुल गिरने की घटनाओं के चलते सरकार विपक्ष के निशाने पर है और बचाव की मुद्रा में दिख रही है।
उनकी कथा सुनने पहुंचे बिहार सरकार के मंत्री विजय चौधरी को संबोधित किया। उन्होंने महाराष्ट्र में पिछले दिनों हुए कथा की चर्चा की। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री भी कथा सुनने के लिए वहां पहुंचे थे। जहां उन्होंने कहा कि वह एक बड़ी घोषणा करना चाहते हैं। उन्होंने महाराष्ट्र में गाय को राजमाता का दर्जा दिया और सभी बुचर खाने की लाइसेंस को रद्द कर दिया। अब वहां गाय माता का वध नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र ने इसकी शुरुआत की है अब सभी राज्य को ऐसा करना चाहिए ताकि गाय हमारी राष्ट्र माता बन सके। इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कथा के लिए आमंत्रित भी किया। इस मौके पर विजय चौधरी ने कहा कि उनकी बात वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास जरूर रखेंगे।
बता दें कि यह कथा पांच अक्टूबर से शुरू हुआ है और आगामी 11 अक्टूबर तक चलेगा। इस कथा में लोगों की भीड़ जुट रही है खासकर महिलाओं की संख्या अत्यधिक देखी जा रही है। सरायरंजन के अलावा विद्यापति नगर, पटोरी उजियारपुर, मोरवा , दलसिंहसराय समेत बड़ी संख्या में आसपास के प्रखंडों के लोग कथा का आनंद लेने के लिए पहुंच रहे हैं। भीड़ को देखते हुए कथा स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को और चुस्त दुरुस्त किया गया है।