आंध्र प्रदेश में स्थित विश्व प्रसिद्ध तिरुपति मंदिर (Trupati Mandir) के लड्डू प्रसादम की पवित्रता और शुद्धता को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। तेलुगु देशम पार्टी (TDP) ने लैब रिपोर्ट के हवाले से जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकार पर सनसनी खेज आरोप लगाए हैं। इधर बिहार में राजद के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। मनोज झा ने इस पूरे मामले को लेकर बीजेपी को घेरा है।
तिरुपति लड्डू प्रसादम विवाद पर RJD नेता मनोज झा ने कहा, कि इस पूरे मामले में बीजेपी भी गुनाहगार है। वहां की दोनों मुख्य पार्टियां नूराकुश्ती कर रही है, बीजेपी हेडलाइन मैनेजमेंट कर रही है। जो एंगल ढूंढ रहे थे वह नहीं मिल पाया। इसलिए वे अब एक दूसरे को दोष दे रहे हैं। मनोज झा ने कहा कि वे (भाजपा) किसे दोष दे रहे हैं? केंद्र और राज्य में उनकी सरकार है। इस मामले की त्वरित जांच की जानी चाहिए और उसके अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए केंद्र और राज्य में इस तरह की चीजों की जांच करने के लिए मंत्रालय हैं। वे क्या कर रहे हैं? सवाल वहां जाना चाहिए, वहां जा ही नहीं रहा है।
वहीं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी मामले पर अपनी प्रतिक्रिया व्य्क्त की है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने श्री वेंकटेश्वर मंदिर में प्रसाद में चर्बी के इस्तेमाल पर चिंता जताई है। इसके साथ ही उन्हों ने धार्मिक स्थलों की पवित्रता और भक्तों की आस्था को लेकर बड़ा बयान दिया है। राहुल गांधी ने कहा ‘तिरूपति के श्री वेंकटेश्वर मंदिर में प्रसाद के अपवित्र होने की खबरें परेशान करने वाली हैं। सरकारी अमले को धार्मिक स्थलों की पवित्रता को बनाए रखना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा पूरे देश के प्रशासन को धार्मिक स्थलों की पवित्रता की रक्षा करनी चाहिए’ राहुल गांधी ने कहा ‘भगवान बालाजी जो भारत और दुनिया भर में लाखों भक्तों के लिए पूजनीय देवता हैं। यह मुद्दा हर भक्त को आहत करेगा और इस पर गहराई से विचार करने की जरूरत है।
बता दें विवाद की शुरुआत आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के एक बयान से हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि वाईएस जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली पिछली सरकार के दौरान तिरुपति के लड्डू बनाने में घटिया सामग्री और जानवरों की चर्बी का इस्तेमाल किया गया था। इस दावे को टीडीपी द्वारा पेश की गई एक लैब रिपोर्ट ने और पुख्ता किया, जिसमें लड्डू बनाने के लिए इस्तेमाल किए गए घी में जानवरों की चर्बी की मौजूदगी का सुझाव दिया गया था। दूसरी ओर, वाईएसआरसीपी ने नायडू पर राजनीतिक लाभ के लिए निराधार आरोप लगाने का आरोप लगाया है।
मंत्री दिलीप जायसवाल का बड़ा ऐलान… कागजात जुटाने के लिए रैयतों को दिया जाएगा 3 महीने का समय
जगन मोहन और उनकी पार्टी YSR कांग्रेस ने इस विवाद पर आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट का रुख किया। YSR कांग्रेस ने हाई कोर्ट से एन. चंद्रबाबू नायडू और टीडीपी के आरोपों की जांच के लिए एक ज्यूडिशियल कमेटी गठित करने की मांग की। इस मामले में हाई कोर्ट 25 सितंबर को सुनवाई करेगा। केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने भी इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने कहा, ‘आंध्र प्रदेश के वर्तमान मुख्यमंत्री ने जो कहा है वह बेहद गंभीर और चिंतनीय मुद्दा है। क्योंकि इससे लोगों की आस्था गहराई से जुड़ी हुई है। एक विस्तृत जांच की जानी चाहिए, और जो भी दोषी पाया जाए उसे दंडित किया जाना चाहिए।