लोकसभा चुनाव अब नजदीक आ रहा है। ऐसे में नेताओं में हलचल मची हुई है। चुनाव को लेकर तैयारी भी जोरों-शोरों से चल रही है। वहीं, बिहार में नेताओं के दल बदलने का सिलसिला भी तेज है। चुनाव से पहले बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने लालू यादव और तेजस्वी यादव को झटका दे दिया है। राजद के कई नेताओं ने अब जदयू का हाथ थाम लिया है। इससे बिहार में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।
जदयू प्रदेश कार्यालय में शनिवार को कई दलों के नेताओं ने जदयू की सदस्यता ग्रहण की। सभी लोगों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आस्था जताते हुए जदयू के मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है। बता दें कि जदयू की सदस्यता ग्रहण करने वालों में आजाद समाज पार्टी के डॉ. वीरेंद्र भास्कर, धनंजय सिंह यादव, राजद के शैलेंद्र कुमार सागर, प्रदीप राज और हरिवंश कुमार यादव शामिल है। पूर्व मंत्री संतोष कुमार विराला और लक्ष्मेश्वर राय भी इस मौके पर मौजूद थे।
कैमूर के कुदरा प्रखंड मुख्यालय में शनिवार को राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें बूथ कमेटी और पन्ना प्रमुख की नियुक्ति पर विचार किया गया। साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत में पार्टी के एक सेक्टर प्रभारी की नियुक्ति की गई।
पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष नंदकुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक का संचालन प्रखंड महासचिव रंजन सिंह ने किया। इसमें भाग लेने वालों में अकलू राम, छेदी सिंह यादव, अवधेश कुशवाहा, बैरिस्टर यादव, रमेश कुमार सिंह, चंद्रशेखर यादव, प्रदुम्न सिंह, शिवजी, गोलू पासवान, सर्वजीत पासवान, आदि शामिल रहे।