केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बिहार में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच बड़ा बयान दिया है। विधान परिषद चुनाव में सीट को लेकर उपजा बवाल अभी शांत भी नहीं हुआ और नित्यानंद राय ने बड़ा दावा कर दिया है। कहा कि बिहार की सभी 24 सीटों पर एनडीए के उम्मीदवार की जीत तय है। मुकेश सहनी के एनडीए में बने रहने के सवाल पर कहा कि इस मुद्दे पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पहले ही सारी स्थिति स्पष्ट कर दी है।
देश की बढ़ी है निर्यात क्षमता
दरअसल, समस्तीपुर में नित्यानंद राय थे। यहां प्रधानमंत्री मन के मन की बात सुनने के बाद वह पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हर महीने के आखिरी रविवार को प्रधानमंत्री अपने मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से देशवासियों से सीधा संवाद करते हैं। इसको लेकर लोगों में काफी उत्साह रहता है। कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री देश में हो रहे कार्यों की चर्चा करते हैं। उन लोगों से भी बात करते हैं, जो समाज और देश के विकास में अपनी भूमिका निभाते हैं। कहा कि आज देश की उत्पादन क्षमता बढ़ी है निर्यात बढ़ा है। इससे यह साबित होता है कि प्रधानमंत्री ने जो संकल्प देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लिया था वह अब सफल होता नजर आ रहा है।