President Droupadi Murmu Gaya Visit विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी गयाजी इस समय पितृपक्ष महापर्व की पवित्रता और आस्था से सराबोर है। इसी बीच राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का गयाजी आगमन न केवल धार्मिक दृष्टि से बल्कि प्रशासनिक और सामाजिक दृष्टिकोण से भी बेहद अहम रहा। राष्ट्रपति मुर्मू ने शनिवार को विष्णुपद मंदिर परिसर में पितृपक्ष के दौरान अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति और मोक्ष प्राप्ति के लिए पिंडदान और तर्पण का अनुष्ठान किया। उनके इस कदम से गयाजी की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता और भी बढ़ गई है।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क नजर आया। एयरपोर्ट से विष्णुपद मंदिर तक विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। डीएम शशांक शुभंकर और एसएसपी आनंद कुमार स्वयं उनके साथ मौजूद रहे। पूरे मार्ग पर वाहनों का आवागमन रोक दिया गया था और कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा सुनिश्चित की गई। राष्ट्रपति के इस विशेष अनुष्ठान ने गयाजी में पितृपक्ष के महत्व को एक नई ऊँचाई दी है।
गयाजी का पितृपक्ष न केवल बिहार बल्कि पूरे देश और विदेश से श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। धार्मिक मान्यता है कि फल्गु नदी के तट और विष्णुपद मंदिर में पिंडदान करने से पितृ दोष से मुक्ति मिलती है और पूर्वजों को मोक्ष की प्राप्ति होती है। यही कारण है कि हर साल लाखों श्रद्धालु यहां आकर इस महापर्व में शामिल होते हैं।
CM नीतीश ने पटना तारामंडल में वर्चुअल रियलिटी थिएटर का किया उद्घाटन
गौरतलब है कि राष्ट्रपति से एक दिन पहले उद्योगपति मुकेश अंबानी भी अपने बेटे अनंत अंबानी के साथ गयाजी पहुंचे थे और उन्होंने भी फल्गु नदी व विष्णुपद मंदिर में पिंडदान और जल तर्पण कर पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए अनुष्ठान किया। अंबानी परिवार का यह कदम और राष्ट्रपति मुर्मू की उपस्थिति, दोनों ने ही गयाजी की धार्मिक प्रतिष्ठा को एक बार फिर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का केंद्र बना दिया है।






















