बेगूसराय के बछवाड़ा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Speech) ने शनिवार (1 नवंबर) को जनसभा में सरकार पर तीखा हमला बोला। बारिश और तकनीकी रुकावटों के बावजूद मंच से प्रियंका की आवाज़ ने चुनावी मैदान को गरमा दिया। उन्होंने बिहार की नीतीश-मोदी सरकार पर क्राइम, बेरोजगारी, महिलाओं की असुरक्षा और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर जमकर निशाना साधा।
प्रियंका ने कहा कि बीते 20 सालों में NDA सरकार ने बिहार को उसके असली हक से वंचित रखा है। “आपको आपके अधिकार नहीं मिले, आपको बांटा गया, और झूठे राष्ट्रवाद के नाम पर भ्रम फैलाया गया,” उन्होंने कहा। उन्होंने हाल ही में मतदाता सूची से 65 लाख नाम हटाए जाने पर सवाल उठाते हुए इसे “जनता के अधिकार छीनने की साजिश” बताया। प्रियंका के अनुसार, इससे लाखों लोग सरकारी योजनाओं और लाभ से वंचित हो जाएंगे।
उन्होंने कहा कि, “मोदी जी मंच पर आकर कहते हैं कि करोड़ों नौकरियाँ देंगे, पर सवाल यह है कि बीते सालों में दी क्यों नहीं गईं? किसानों की आय घटी है, व्यापार चौपट हो गया है, और सरकारी संपत्तियाँ दो दोस्तों को सौंप दी गई हैं।” प्रियंका ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा और NDA सरकार ने देश को “ठेके और टैक्स के जाल” में फंसा दिया है। सभा के दौरान एक तकनीकी झटका भी लगा जब प्रियंका का माइक खराब हो गया, पर उन्होंने तुरंत दूसरे माइक से भाषण जारी रखा।
मोकामा हत्याकांड पर बोले तेजस्वी यादव.. क्या चुनाव आयोग मर गया है?
प्रियंका ने महिलाओं की सुरक्षा को भी प्रमुखता दी। उन्होंने कहा, “बिहार में महिलाएं असुरक्षित हैं। बेटियाँ डर में जी रही हैं। नीतीश कुमार के हाथ में अब कुछ नहीं बचा। सरकार दिल्ली से चल रही है। जो आदेश ऊपर से आता है, वही लागू होता है।” जनसभा में प्रियंका का सबसे प्रभावी हमला वोट चोरी और पेपर लीक के मुद्दे पर रहा। उन्होंने कहा, “ये लोग वोट चोर हैं। पेपर पास होता है तो लीक हो जाता है। 20 साल राज किया, पर न शिक्षा सुधरी, न रोजगार मिला। अब जनता सब समझ चुकी है।”
प्रियंका ने बिहार की महिलाओं से सीधे संवाद करते हुए कहा, “बहनों, मैं भी आपकी तरह एक महिला हूँ। मैं जानती हूँ समाज का बोझ क्या होता है। ये लोग चुनाव के वक्त 10 हजार रुपये बांट रहे हैं, लेकिन चुनाव के बाद क्या करेंगे? इनकी नीयत पर भरोसा मत करो। वोट सोच-समझकर देना।” उन्होंने आगे कहा, “हमें एक मौका दो। अगर हम काम नहीं करें तो हमें भी हटा देना। मगर अब वक्त है अपने हक के लिए खड़े होने का।” सभा के अंत में प्रियंका ने कांग्रेस उम्मीदवार गरीबदास का परिचय देते हुए कहा कि “गरीबदास आपकी तरह हैं, आपकी पीड़ा समझते हैं और आपकी आवाज़ बनेंगे।”






















