बिहार की सियासत में शनिवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Bihar Rally) की एंट्री ने चुनावी माहौल में नई ऊर्जा भर दी। कदवा और कटिहार के बरारी में आयोजित विशाल जनसभाओं में प्रियंका गांधी ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि संविधान ने जनता को अपनी सरकार चुनने की शक्ति दी है, लेकिन भाजपा इस अधिकार को खत्म करना चाहती है। प्रियंका ने जनता से अपील की – “अपने संविधान, लोकतंत्र और अधिकारों की रक्षा के लिए वोट करें।”
प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने देश में न तो उद्योग लगाए, न शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया, बल्कि देश की बड़ी संपत्तियां अपने कुछ उद्योगपति मित्रों को सौंप दीं। उन्होंने कहा, “बिहार की जमीन एक रुपए एकड़ के भाव से अडानी को दे दी गई। अगर यही जमीन युवाओं को मिल जाती, तो वे अपना भविष्य खुद बना लेते।”
प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे बिहार सिर्फ चुनाव के वक्त ही याद करते हैं, बाकी समय जनता की समस्याओं से दूरी बनाए रखते हैं। उन्होंने कहा, “हमारी कांग्रेस पार्टी में सवाल पूछना अपराध नहीं है। आज भी हम वही परंपरा निभा रहे हैं कि जनता के सवालों को सुना जाए, न कि दबाया जाए।”
नीतीश कुमार की ताबड़तोड़ कई सभाएं.. मांझी की बहू के लिए भी प्रचार करने गए
कांग्रेस नेता ने बिहार के युवाओं की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बिहार में पेपर लीक और बेरोजगारी जैसी समस्याओं ने युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेल दिया है। “सरकारी पद खाली हैं, लेकिन युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही। उनकी उम्र इंतजार में बीत रही है,” प्रियंका ने कहा।
कटिहार के बरारी में आयोजित एक और सभा में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के बाद बिहार में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ इसीलिए निकाली गई ताकि लोगों के अधिकारों की रक्षा की जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने बिहार के 65 लाख वोट काट दिए, क्योंकि उसे जनता के गुस्से से डर था।
प्रियंका ने जनता से कहा कि अब बिहार जाग चुका है, और अब वह कह रहा है – “विकास करो नहीं तो सत्ता छोड़ो।” उन्होंने वादा किया कि महागठबंधन की सरकार आने पर जनता को सीधा राहत दी जाएगी – महंगाई कम होगी, सिलेंडर 500 रुपए में मिलेगा, भूमिहीनों को जमीन मिलेगी, महिलाओं को 2,500 रुपए मासिक सहायता, विधवा और वृद्धजनों को 1,500 रुपए पेंशन और जीविका दीदियों को 30,000 रुपए वेतन दिया जाएगा।
सभा के अंत में प्रियंका गांधी ने कहा कि “बिहार की मिट्टी ने देश को दिशा दी है। यहां के किसानों के संघर्ष से ही महात्मा गांधी का सत्याग्रह जन्मा था।” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने अधिकारों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होकर मतदान करें।






















