लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तीन हफ्तों में दूसरी बार बिहार आ रहे हैं। 18 जनवरी को संविधान सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेने पटना पहुंचे राहुल गांधी अब 5 फरवरी को भी पटना में होंगे। इस बार मौका कांग्रेस के दिग्गत नेता रहे जगलाल चौधरी की जयंती का है, जिसका आयोजन कांग्रेस पार्टी द्वारा पटना में किया जा रहा है। पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में दिवंगत स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व मंत्री जगलाल चौधरी की जयंती पर 5 फरवरी को कांग्रेस की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें बिहार कांग्रेस के सभी प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे। प्रदेश नेताओं ने राहुल गांधी के इस दौरे की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
अहमदाबाद से पटना पहुंचे शकील अहमद खान… बेटे ने कर ली है सुसाइड
राहुल गांधी का हर दौरा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में जोश भरता है। चूंकि बिहार में इसी साल अक्टूबर-नवंबर माह में चुनाव होना है, इसलिए राहुल गांधी की कोशिश रहेगी कि बिहार के उनके कार्यकर्ता उत्साह में रहें। ताकि विधानसभा चुनाव 2025 में बिहार में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतर हो। कांग्रेस पार्टी अभी बिहार में राजद के साथ महागठबंधन का हिस्सा है, जिसके पास 19 विधायक हैं। कांग्रेस की यह भी कोशिश है कि राजद के साथ तालमेल ठीक रखते हुए बिहार विधानसभा चुनाव में वे ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ें। यही कारण है कि कांग्रेस के कार्यक्रम में 18 जनवरी को पटना पहुंचे राहुल गांधी ने लालू परिवार से मुलाकात भी की।
राहुल गांधी अपने पिछले दौरे में गर्दनीबाग में धरना दे रहे बीपीएससी अभ्यर्थियों से मिलने भी पहुंच गए थे। राहुल गांधी की इस मुलाकात ने खूब सुर्खियां बटोरीं। चूंकि उसी दिन दिल्ली का चुनाव भी है, तो राहुल गांधी की कोशिश यह भी रह सकती है कि पटना में उनकी मौजूदगी सकारात्मक कारणों से राष्ट्रीय मीडिया की सुर्खियों में रहे। वैसे राहुल गांधी जिस नेता की जयंती पर आ रहे हैं, वे कांग्रेस में दलित समाज के बड़े नेता रहे हैं। आपको बता दें कि जगलाल चौधरी मूल रूप से बिहार के सारण जिले के रहने वाले थे। उनका जन्म 5 फरवरी 1895 को हुआ था। वे एक स्वतंत्रता सेनानी और दलित चिंतक थे। महात्मा गांधी से प्रेरित होकर उन्होंने अपनी पढ़ाई छोड़ दी और आजादी के आंदोलन में कूद पड़े। इस दौरान वे कई बार जेल भी गए। वे बिहार कांग्रेस कमिटी के सदस्य रहे और बाद में बिहार सरकार में मंत्री बने। 9 मई 1975 को उनका निधन हो गया।