Rahul Gandhi Bihar Yatra: बिहार विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत करते हुए अपने पहले दिन ही बड़ी राजनीतिक हलचल पैदा कर दी। रविवार को सासाराम से यात्रा की शुरुआत हुई और मात्र छह घंटे में करीब 60 किलोमीटर का पैदल सफर तय कर राहुल गांधी औरंगाबाद के कुटुंबा पहुंचे। रात का विश्राम उन्होंने बभंडी ग्राउंड में किया और सोमवार को यात्रा का दूसरा चरण गयाजी के लिए बढ़ेगा।
इस यात्रा का खास पहलू यह रहा कि राहुल गांधी के साथ राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी पूरे समय मौजूद रहे। दोनों नेताओं की जोड़ी ने इंडिया गठबंधन की मजबूती का सार्वजनिक संदेश दिया। रास्ते में जगह-जगह कांग्रेस, राजद और अन्य सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं ने बैनर, झंडे और नारों के साथ उत्साहपूर्ण स्वागत किया। यह साफ दिखा कि गठबंधन आगामी बिहार चुनाव में मतदाता अधिकारों के मुद्दे को केंद्र में रखकर सरकार को घेरने की रणनीति पर चल रहा है।
पहले दिन राहुल गांधी ने दो जनसभाओं को संबोधित किया और अपने भाषणों में चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में मतदाता सूची में गड़बड़ियां गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं और यह लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। राहुल ने मतदाता अधिकार यात्रा को जनता की ताकत और वोट की रक्षा का आंदोलन बताया।
सासाराम से यात्रा की शुरुआत कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की मौजूदगी में हुई। तीन घंटे लंबी सभा में राहुल ने करीब दस मिनट तक लोगों को संबोधित किया। इसके बाद डेहरी और औरंगाबाद की ओर बढ़ते हुए जगह-जगह जनता से संवाद करते रहे। यात्रा के दौरान भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थोड़ी देर गहमागहमी भी हुई जब औरंगाबाद में सुरक्षा अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच बहस हो गई। हालांकि स्थिति तुरंत संभाल ली गई।
औरंगाबाद के रमेश चौक पर आयोजित सभा में राहुल गांधी ने कहा कि बिहार का युवा और किसान बदलाव चाहता है और यह यात्रा उसी बदलाव की नींव रखेगी। उन्होंने मतदाता सूची से जुड़े मुद्दे को लोकतंत्र की जड़ से छेड़छाड़ बताते हुए आश्वासन दिया कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन इसे बड़े पैमाने पर उठाएंगे।
दूसरे दिन की यात्रा कुटुंबा से शुरू होगी। राहुल गांधी सुबह देव के ऐतिहासिक सूर्य मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और फिर गुरारु होते हुए गयाजी पहुंचेंगे। यहां गेवाल बिगहा स्थित खलीस पार्क में जनसभा होगी और रात का विश्राम राहुल गांधी गयाजी के रसलपुर क्रिकेट ग्राउंड में करेंगे।






















