Rahul Gandhi Voter Adhikar Yatra Bihar: बिहार में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा का आज 13वां दिन है और यह राजनीतिक माहौल को लगातार गर्मा रही है। बेतिया से शुरू होकर यात्रा गोपालगंज पहुंची, जहां राहुल गांधी ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव और भाकपा माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य के साथ रोड शो किया। सड़क किनारे भारी संख्या में लोग उमड़े और यात्रा में शामिल हुए।
राहुल गांधी ने इस दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि “सत्य और अहिंसा के आगे असत्य और हिंसा टिक ही नहीं सकते। मारो और तोड़ो, जितना मारना-तोड़ना है। हम सत्य और संविधान की रक्षा करते रहेंगे। सत्यमेव जयते।” उनका यह संदेश भाजपा पर सीधा राजनीतिक हमला माना जा रहा है।
इससे पहले यात्रा ने बेतिया में ऐतिहासिक रंग लिया, जब राहुल गांधी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। चनपटिया से शुरू होकर हरि वाटिका चौक तक पहुंचे काफिले में उन्होंने गांधी जी को श्रद्धांजलि दी। गांधीवाद और संविधान की रक्षा को लेकर दिया गया उनका संदेश कांग्रेस की रणनीति को स्पष्ट करता है कि पार्टी लोकसभा चुनावों के बाद अब बिहार विधानसभा चुनाव में भी नैतिक और वैचारिक लड़ाई को सामने रखना चाहती है।
यात्रा के दौरान तेजस्वी यादव को हल्की चोट भी लगी। गाड़ी का गेट बंद होते समय उनका हाथ दब गया, जिसके बाद स्थानीय डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। इसके बावजूद तेजस्वी यादव ने यात्रा जारी रखी और रोड शो में राहुल गांधी के साथ खड़े नजर आए।
29 अगस्त की सुबह यात्रा की शुरुआत एक अनोखे दृश्य के साथ हुई। 100 घोड़ों का काफिला, हाथी और ऊंट भी इस यात्रा में शामिल हुए। यह दृश्य चुनावी राजनीति में प्रतीकात्मक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है कि विपक्ष आम जनता, किसानों और परंपराओं के साथ जुड़ा हुआ है।
प्रदेश में आतंकी अलर्ट को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी अभूतपूर्व है। राहुल गांधी की यात्रा की सुरक्षा में 400 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। हर कदम पर पुलिस और अर्धसैनिक बल चौकसी बरत रहे हैं। कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया इस यात्रा के प्रभारी बनाए गए हैं, जबकि कांग्रेस नेता अभिषेक रंजन ने राहुल गांधी को नीली पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
यह यात्रा 1 सितंबर को पटना में एक विशाल समापन रैली के साथ खत्म होगी।






















