लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण को लेकर चुनाव प्रचार थम गया है। अंतिम दिन सभी दलों और नेताओं ने अपने अपने प्रत्याशियों के लिए धुंआधार प्रचार किया। इसी कड़ी में कैमूर जिले के बक्सर लोकसभा के रामगढ़ में पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने एनडीए प्रत्यासी मिथिलेश तिवारी के पक्ष में जनसभा की। सभा को संबोधित करते हुए रूडी ने लालू प्रसाद यादव पर जमकर निशाना साधा। और अपनी जीत का दावा भी किया।
उन्होंने कहा कि युद्ध तो हमलोग पहले ही जीत चुके हैं जब छपरा में लालू यादव एक महीने तक टिके रहे और हताश स्थिति में घर लौट आए और जब हम छपरा सीट जीत चुके हैं तो बक्सर भी जीतेंगे। उन्होंने विपक्ष द्वारा संविधान पर खतरे की बात को लेकर कहा कि संविधान पर सबसे बड़ा खतरा तब हुआ जब चारा घोटाला में एक राज्य का मुख्यमंत्री जेल चला जाता है और अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठता है तो संविधान पर सबसे बड़ा खतरा उसी दिन हो गया।
काराकाट में ग्लैमर का तड़का, खादी पर पड़ रहा भारी
उन्होंने आगे कहा कि संविधान पर खतरा उसी दिन हो जाता है जब किसी राज्य का मुख्यमंत्री अपनी बेटी की शादी में पटना के सभी शो रूम की सभी नई गाड़ियां उठा लेता है। उन्होंने कहा कि आज नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में संविधान पर खतरा नहीं है। संविधान पर जो खतरा पैदा करने वाले लोग थे उनको बिहार की जनता ने तय कर लिया है कि बिहार की एक भी सीट उनको जीतने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि जब जब छपरा जीतते हैं बिहार के 40 सीट जीतते हैं।




















