कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और सांसद राहुल गांधी के विरुद्ध ईडी द्वारा कार्रवाई के खिलाफ सोमवार को कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस भवन में धरना प्रदर्शन किया। साथ ही केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर की अगुवाई में यह धरना प्रदर्शन किया गया। मौके पर राजेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा बदले की राजनीति कर रही है। कांग्रेस इससे डरने वाली नहीं है।
हर जुल्मो सितम का जवाब देने को तैयार हैं
राजेश ठाकुर ने आगे कहा कि केंद्र सरकार के इशारे पर संवैधानिक संस्थाएं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी को परेशान करना चाहती है, डराना चाहती है। लेकिन हमारे नेता न घबराने वाले हैं ना डरने वाले हैं और न ही साजिशों के आगे घुटने टेकने वाले हैं। पूरे देश के करोड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता सोनिया और राहुल गांधी के साथ खड़ी है और हर जुल्मो सितम का जवाब देने को तैयार हैं।
संवैधानिक संस्थाओं को विधि सम्मत कार्रवाई करनी चाहिए
वहीं मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि जिस तरीके से राजनीतिक में इस्तेमाल किया जा रहा है संवैधानिक संस्थाएं पर विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा होना लाजमी हो जाता है। विरोधाभास होना उचित है, विचारों का मतअंतर होना भी उचित है लेकिन इस तरह से प्रताड़ित करना राजनीतिक में उचित बात नहीं है। और इससे बचना चाहिए। पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर किसी तरह से कार्रवाई से देश का भला कभी नहीं होगा। संवैधानिक संस्थाओं को विधि सम्मत कार्रवाई करनी चाहिए उनको कठपुतली बनना नहीं चाहिए।
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्व मेयर रमा खलखो, प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद, अमूल्य नीरज खलखो, आभा सिन्हा सहित कई कांग्रेसी मौजूद थे।




















