साइबर अपराधियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन को भी नहीं छोड़ा है। कल्पना सोरेन के नाम से एक फर्जी ट्विटर अकाउंट बनाकर जारी कर दिया गया है। इसकी जानकारी रविवार को हुई है. इस संबंध में मुख्यमंत्री आवास में गोंदा थाने में लिखित शिकायत दिया है। मामले की जांच की जा रही है.रांची पुलिस की साइबर शाखा के माध्यम से जांच चल रही है।
अकाउंट बनाने वाले तक पहुंचने का पुलिस कर रही है प्रयास
टि्वटर अकाउंट बनाने वाले तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। डीएसपी स्तर के अधिकारी इस मामले को देख रहे हैं। मालूम हो कि साइबर अपराधी कई नामचीन व्यक्तियों का फेसबुक अकाउंट या ट्विटर अकाउंट बनाकर लोगों को ठग रहे हैं। चाहे वह संवैधानिक पद पर बना हुआ व्यक्ति हो या फिर प्रशासनिक अधिकारी सभी इनके शिकार हो रहे हैं।
वेरीफाइड नहीं है अकाउंट
खास बात यह है कि ट्विटर ने भी अकाउंट वेरीफाइड नहीं किया है श्रीमती सोरेन के नाम से बने हैंडल के अब तक केवल 76 फॉलोअर बने हैं। फॉलोअर लिस्ट में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत राज्य के किसी मंत्री या झामुमो के वरीय नेताओं का टि्वटर हैंडल शामिल नहीं है। जेएमएम के ट्विटर हैंडल से भी कल्पना सोरेन के ट्विटर अकाउंट को फॉलो नहीं किया गया है। जबकि फेक अकाउंट से केवल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को फॉलो किया गया है. बता दें कि इससे पहले भी साइबर अपराधी कई नामचीन व्यक्तियों का फेसबुक अकाउंट या ट्विटर अकाउंट बनाकर ठगी की कोशिश कर चुके हैं।




















