ऱाज्य भर के पुलिसकर्मियों के लिए अच्छी खबर है। सरकार की तरफ से उनको बड़ा तोहफा मिला है। दरअसल अब सभी पुलिसकर्मी पुलिसकर्मियों(सिपाही से लेकर इंस्पेक्टर तक) 20 दिनों का क्षतिपूर्ति अवकाश ले सकेंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री सह गृहमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड पुलिस में पुलिस निरीक्षक से लेकर चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों के लिए प्रत्येक वर्ष 20 दिनों के क्षतिपूर्ति अवकाश की सुविधा को बहाल करने के लिए मंत्रिमंडल में प्रस्ताव को भेजने की स्वीकृति प्रदान की है।
2018 से ही क्षतिपूर्ति अवकाश लागू करने की थी मांग
झारखंड पुलिस एसोसिएशन और झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन द्वारा साल 2018 से ही क्षतिपूर्ति अवकाश लागू करने की मांग की जा रही है। इसे लागू करने के लिए पुलिस की दोनों एसोसिएशनों ने कई बार सरकार से गुहार भी लगायी है। हालांकि, अबतक पुलिस की मांगें पूरी नहीं हो पायी है। पुलिसकर्मियों की मांग है कि 13 माह के वेतन के साथ-साथ पुलिसकर्मियों की क्षतिपूर्ति अवकाश की बहाली भी की जाये।
क्यों मिलता था क्षतिपूर्ति अवकाश
पर्व त्यौहार के अवसर पर, विधि व्यवस्था कर्तव्य के लिए 20 दिनों का क्षतिपूर्ति अवकाश देना है। क्षतिपूर्ति अवकाश की सुविधा पुलिस हस्तक अधिनियम के तहत देनी होती है लेकिन पुलिसकर्मियों को जब 13वें महीनें का वेतन दिया गया तो क्षतिपूर्ति अवकाश की व्यवस्था हटा ली गई थी। वहीं, क्षतिपूर्ति अवकाश लेने पर 13वें माह का वेतन पुलिसकर्मियों को नहीं मिल रहा था।




















