मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने भुवनेश्वर- राउरकेला (ओड़िशा) में 13 जनवरी 2023 से शुरू हो रहे पुरुष विश्व कप हॉकी प्रतियोगिता की ट्रॉफी का आज रांची में अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने भारत मे पुरुष विश्वकप हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि इस ट्रॉफी को देश के कई राज्यों के कई शहरों में ले जाया जा रहा है, जहाँ खेल प्रेमी और आम जनता इसका अवलोकन कर रहे हैं। हॉकी इंडिया की इस पहल से विश्व कप हॉकी प्रतियोगिता के प्रति एक माहौल तैयार होगा। उन्होंने इस आयोजन के लिए हॉकी इंडिया के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी।
इससे पहले भारत में तीन बार हो चुका है हॉकी वर्ल्ड कप
बता दें कि देश में इससे पहले 1982 (मुंबई), 2010 (दिल्ली) और 2018 (ओडिशा) में हॉकी वर्ल्ड कप का आयोजन हो चुका है। भारत में अब चौथी बार वर्ल्ड कप हॉकी हो रही है। 2023 में पहला मैच इंग्लैंड और वेल्स और दूसरा भारत और स्पेन के बीच होगा। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि ओडिशा दूसरी बार मेजबानी कर रहा है। 13 जनवरी को हॉकी वर्ल्ड कप के तहत पहला मुकाबला खेला जाएगा। देश का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम वर्ल्ड कप के लिए ओडिशा के राउरकेला में बनकर तैयार है। स्टेडियम में दर्शकों की क्षमता 27 हजार है।
इसे भी पढ़ें: Bokaro: शहर में लगातार तीसरे हफ्ते भी हैप्पी स्ट्रीट, माहौल खुशनुमा
जिला खेल पदाधिकारी और हॉकी खिलाड़ी रहे मौजूद
इस मौके पर मंत्री सत्यानंद भोक्ता और मिथिलेश कुमार ठाकुर, विधायक वैद्यनाथ राम, हॉकी इंडिया के महासचिव, भोला नाथ सिंह, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी और भारतीय महिला हॉकी चयन समिति की सदस्य अंशुता लकड़ा, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी, सुमराय टेटे, महिला हॉकी खिलाड़ी अश्रिता लकड़ा, हॉकी झारखंड के सीईओ, रजनीश कुमार, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह और रणधीर कुमार, उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक आरपी सिंह और रांची के जिला खेल पदाधिकारी मौजूद थे।