[Team insider] झारखंड पुलिस को बड़ी सफलता मिली। गुमला-लोहरदगा में छापेमारी के दौरान हथियारों का जखीरा 20 इंसास राइफल सैकड़ों गोलियां सहित जैकेट, जूता, कंबल बरामद किया गया है। वहीं दो नक्सलियो की भी गिरफ्तारी की गयी है। शनिवार को रांची जोनल आईजी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आईजी अभियान एवी होमकर, रांची जोनल आईजी पंकज कंबोज ने जानकारी दी। इस दौरान डीआईजी एसटीएफ अनूप बिरथरे, लोहरदगा एसपी, लातेहार एसपी और सीआरपीएफ के अधिकारी उपस्थित रहे।
18 नक्सलियों की सूची में भी इनका नाम था शामिल
दोनों गिरफ्तार नक्सली 5-5 लाख का इनामी है। पुलिस की ओर से जारी की गई 18 नक्सलियों की सूची में भी इनका नाम शामिल था। इसमें सुदर्शन भुइयां उर्फ नंद किशोर भारती चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के नन कला का रहने वाला है, वहीं बालक गंझू लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के दूधी माटी निवासी है। सुदर्शन पर 57 मामले दर्ज है, जबकि बालक पर 25 मामले दर्ज हैं।
इंसास सहित 24 आधुनिक हथियार बरामद

पुलिस ने इलाके में सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाए गए हथियारों का जखीरा बरामद किया है। इसमें 24 आधुनिक हथियार व गोलियां मिली हैं। इन हथियारों को लोहरदगा जिले के सुदूरवर्ती जोबांग थाना क्षेत्र के हरकट्ठा जंगल से बरामद किया गया। इन हथियारों को जमीन के अंदर छिपाकर रखा था। बरामद किए गए हथियार में एलएमजी, इंसास राइफल, सेमी ऑटोमेटिक राइफल, थ्री नॉट थ्री और थ्री फिफ्टीन राइफल सहित कई अत्याधुनिक हथियार शामिल हैं।