भाजपा की ओर से राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू सोमवार को ऱांची पहुंची और भाजपा और उनके घटक दलों के विधायकों और सांसदों के साथ होटल बीएनआर में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति के समर्थन मं एनडीए के सांसदों, विधायकों के अलावे राज्य के दूसरे दलों से भी सहयोग मांगा। वहीं द्रौपदी मुर्मू झारखंड के साथ अपने विशेष लगाव को जताया। उन्होंने कहा कि उनके पूर्वज(दादी और अन्य) इसी राज्य की माटी से जुड़े रहे। फिर उन्हें भी इस प्रांत का राज्यपाल बनने का गौरव बनना हासिल हुआ। उन्हें पूरा भरोसा है कि इस राज्य के सभी दल उनका हाथ सबल करने को राष्ट्रपति चुनाव के दौरान उन्हें मदद करेंगे।
उम्मीदवार बनाये जाने को केंद्रीय नेतृत्व को दिया धन्यवाद
इससे पहले मंच पर उनका स्वागत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश ने द्रौपदी मुर्मू को बतौर राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाये जाने को केंद्रीय नेतृत्व को धन्यवाद दिया। उम्मीद जताते हुए कहा कि द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनने से जनजाति समाज और झारखंड का भी देश दुनिया में मान बढ़ेगा। उनके अलावे केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, अन्नपूर्णा देवी, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व सीएम रघुवर दास, पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी, आजसू पार्टी प्रमुख और विधायक सुदेश महतो सहित अन्य नेताओं ने मोमेंटो, पुष्प गुच्छ देकर द्रौपदी मुर्मू का स्वागत किया।
बैठक की समाप्ति के बाद सांसद वीडी राम ने मीडिया को बताया कि 16 जुलाई को एनडीए के विधायकों को रांची में चुनाव संबंधी औपचारिक जानकारी दी जायेगी।
सांसद संजय सेठ ने कहा कि झारखंड की पूर्व राज्यपाल रहीं द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति बनना गौरवान्वित करने वाला पल होगा। शिक्षक से विधायक, मंत्री, राज्यपाल तक के पद को सुशोभित करने में उन्होंने उल्लेखनीय भूमिका निभाई है।
झामुमो को जल्द से जल्द फैसला करना चाहिये
आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने मीडिया से कहा कि द्रौपदी मुर्मू जैसी सक्षम नेत्री के बारे में झामुमो जैसी पार्टी को जल्द से जल्द फैसला करना चाहिये। इसमें राजनीति और विलंब करना कहीं से ठीक नहीं। इस राज्य से उनके जुड़ाव और उनकी अहमियत को देखते हुए सबों को उनका साथ देना ही चाहिये। ओड़िसा के जिस हिस्से से वे हैं, वह वृहद झारखंड का हिस्सा रहा है।




















