[Team Insider] कांके थाना क्षेत्र के प्रेम नगर में शनिवार अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को दिनदहाड़े गोली मारी है। जिसमें युवक घायल हो गया है। स्थानीय लोगों ने घायल को आनन फानन में इलाज के लिए रिम्स पहुंचाया है। वहीं पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच कर रही है।
जमीन कारोबारी को मारी गोली
जानकारी के अनुसार जमीन का कारोबार करने वाले अनिल सिंह मुंडा को अज्ञात अपराधियों ने उस समय गोली मार दी। जब वह कांके के प्रेम नगर में निर्माणाधीन मकान का काम करवा रहे थे। अज्ञात अपराधियों ने उन्हें 2 गोली मारी है। गोली उनके पेट में लगी है। इस गोलीबारी की घटना के बाद काम कर रहे मजदूर वहां से भाग गए। हालांकि स्थानीय लोग गोली की आवाज सुन वहां पहुंचे और घायल अनिल को रिम्स इलाज के लिए पहुंचाया।
3 की संख्या में आए अपराधियों ने की फायरिंग
वही चश्मदीद योगेंद्र महतो ने बताया कि 3 की संख्या में आए अपराधियों ने 4 राउंड फायरिंग की है। उन्होंने कहा कि जैसे ही अज्ञात अपराधियों ने गोलीबारी शुरू की, अनिल सिंह मुंडा कुर्सी उठाकर बचने का प्रयास करने लगे। इस दौरान उन पर भी एक फायरिंग की गयी। उन्होंने बताया कि घायल अवस्था में अनिल सिंह मुंडा ने अपनी जान बचाने के लिए रिलेटिव के घर का सहारा लिया। वहीं उन्होंने बताया कि अपराधी पैदल आए थे और गोलीबारी कर निकल गए।