बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2025) की सियासत अब अपने चरम पर है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अपने 143 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है, जिससे राजनीतिक तापमान और बढ़ गया है। पार्टी ने यह सूची सोशल मीडिया पर साझा की, और इस बार फिर तेजस्वी यादव ने अपनी परंपरागत सीट राघोपुर से चुनावी रण में उतरने का फैसला किया है। तेजस्वी पहले भी 2015 और 2020 में यहीं से जीत दर्ज कर चुके हैं और अब तीसरी बार जनता के बीच अपनी नीतियों और कामकाज को लेकर विश्वास मांग रहे हैं।
राजद की इस लिस्ट में कई चर्चित नाम शामिल हैं। कुरहनी से बबलू कुशवाहा, मधेपुरा से प्रोफेसर चंद्रशेखर, सिवान से अवध बिहारी चौधरी, छपरा से भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव, और वैशाली से अजय कुशवाहा को टिकट दिया गया है। खेसारी लाल यादव का छपरा से चुनाव मैदान में उतरना न केवल फिल्मी दुनिया बल्कि बिहार की राजनीति में भी नई हलचल पैदा कर रहा है।
हालांकि, इस लिस्ट के सामने आने के बाद महागठबंधन के भीतर हलचल बढ़ गई है। दरअसल, राजद ने जिन सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं, उनमें कांग्रेस के उम्मीदवार पहले से मौजूद हैं। इन छह सीटों — सिकंदरा, कहलगांव, सुल्तानगंज, लालगंज, वैशाली और वारिसलीगंज — पर अब दोनों दलों के बीच सीधी टक्कर तय मानी जा रही है। यह स्थिति महागठबंधन की एकजुटता पर सवाल उठाती है और विपक्षी एकता की सच्चाई को उजागर करती है।