बिहार में सामाजिक कुरीतियों और कानून-व्यवस्था पर फिर से सवाल उठ खड़े हुए हैं। खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र के करुआ गांव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद इकबाल अली और उनकी मां मनीना खातून को दबंगों ने बुरी तरह पीट दिया। दबंगों ने “डायन” होने का आरोप लगाते हुए मनीना खातून पर लाठी-डंडे और लोहे की पाइप से हमला किया। जब उन्हें बचाने RJD नेता आए, तो उन्हें भी नहीं बख्शा गया। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं और इलाज चौथम सीएचसी में चल रहा है।
पीड़िता मनीना खातून ने पुलिस को दिए आवेदन में मो. शमीम, मो. शाहनवाज, मो. फैजान, मो. मतीन सहित कुल 16 लोगों के नाम लिए हैं। शिकायत के मुताबिक, मंगलवार सुबह वह खेत में झिंगा तोड़ रही थीं, तभी आरोपियों ने आकर गाली-गलौज और फिर हमला कर दिया। चौथम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक किसी गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस गांव में दबंगों का आतंक पहले से कायम है।
इस घटना से एक दिन पहले ही सहरसा जिले में चिराग पासवान की पार्टी LJP (रामविलास) के प्रखंड अध्यक्ष अरुण यादव के बेटे राकेश यादव की पिटाई से मौत हो गई थी। यह मामला भी पुरानी रंजिश से जुड़ा था। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं बता रही हैं कि बिहार में नेताओं तक की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं है, आम जनता की स्थिति क्या होगी, यह सवाल लाजिमी है।