बिहार की राजधानी पटना में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान लालू प्रसाद यादव को एक बार फिर पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया। वे अब 2028 तक इस पद पर बने रहेंगे. आरजेडी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए लालू यादव ने कहा कि मैं आप सभी को धन्यवाद देता हूं। आप लोगों ने मुझ पर विश्वास किया. पार्टी को कभी झुकने नहीं देंगे। तेजस्वी यादव रात दिन एक कर के हर चीजों को देखते है, हर जगह जाते हैं। लालू ने कार्यकर्ता से कहा कि आप लोग भी पार्टी के काम के लगे रहते है। चुनाव का समय नजदीक है। हम सब को एकजुट रहना है।
लालू प्रसाद यादव 13वीं बार RJD के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने, तेजस्वी यादव को मिली बड़ी भूमिका
लालू यादव बोले- उम्मीदवार के लिए सर्वे हो रहा
लालू ने कहा कि गरीबों को बताना है कि बीजेपी क्या-क्या जनता के खिलाफ कर रही है। तेजस्वी को हमने आगे खड़ा किया है। चुनाव आ रहा है। इसमें तेजस्वी यादव को जिम्मेदारी देना है। पार्टी के मुखिया ने आगे कहा कि हम अपने स्वास्थ्य की चिंता नहीं करते है। रोज रात में तेजस्वी से पूछते है कि कब क्या हो रहा है। चुनाव में उम्मीदवार कौन होगा उसके लिए सर्वे हो रहा है।

बैठक में पहली बार राबड़ी देवी ने पारिवारिक विवाद पर खुलकर बात की और कहा कि हर घर में बंटवारा होता है। हमारे बोलने से क्या होगा? राबड़ी ने NDA सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने बिहार को कुछ नहीं दिया, जबकि हमारी सरकार ने कारखाने दिए। उन्होंने कहा कि अगर इन्होंने विकास किया होता तो आज जनता के बीच घूमने की जरूरत नहीं पड़ती। आज महंगाई इतनी ज्यादा है लेकिन कोई कुछ नहीं बोलता है। अपराध इतना बढ़ गया है। लेकिन अब भी सब लोग लालू को ही गाली देता है।

इसके बाद तेजस्वी यादव ने लालू प्रसाद यादव को निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह केवल राजद के लिए नहीं, बल्कि बिहार के करोड़ों गरीब-गुरबों और वंचितों के लिए गर्व का क्षण है। लालू जी को बिहार की जनता की ओर से बधाई देता हूं। आज भी उनका विचार और संघर्ष हम सभी के लिए प्रेरणा है।

‘टिकट उन्हीं को मिलेगा जो जनता के बीच रहेगा’
तेजस्वी यादव ने चुनावी रणनीति साफ करते हुए कहा कि अब राजद में टिकट उसी को मिलेगा जो जनता के बीच जाकर काम करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि केवल पार्टी पदाधिकारी होना अब टिकट की गारंटी नहीं है। जो जनता के लिए लड़ेगा, उन्हीं को जिम्मेदारी दी जाएगी। हमें इस बार क्रांति लानी है, सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं।