कल आरा में हुए 25 करोड़ रुपये की लूट और बिहार में अपराध की बढ़ रही घटनाओं पर बिहार विधान परिषद के बाहर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनता दल के विधायकों ने प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय जनता दल के विधान परिषद सदस्यों का कहना है कि अगर यही रामराज है तो ऐसा रामराज बिहार की जनता को नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि बताइए बिहार में 25-25 करोड़ की लूट 1 दिन में हो रही है। हर दिन अख़बार अपराध की घटनाओं से भरी हुई है। हालात इतने खराब हैं कि अपराधी दिनदहाड़े लूट हत्या डकैती कर रहे हैं लेकिन सरकार रामराज की बात करती है।
बिहार विधानमंडल बजट सत्र : बचौल का बयान और बाबा बागेश्वर पर सियासत गरम
बिहार विधान परिषद में राष्ट्रीय जनता दल के सदस्य अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि बिहार में दिनदहाड़े बीच शहर में 25-25 करोड़ रुपये की लूट हो रही है और सरकार कह रही है कि रामराज है। अगर यही रामराज है, तो ऐसे रामराज का कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले पर सरकार को ध्यान देना चाहिए।
बिहार बजट सत्र 2025: बढ़ते अपराध पर गरमाया सदन, सीएम नीतीश ने खुद संभाला मोर्चा
इससे पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने एक्स हैंडल पर आरा में हुई लूट की घटना का वीडियो शेयर करते हुए नीतीश सरकार पर तंज कसा था। उन्होंने लिखा था कि शोरूम लूट का मंगलमय वीडियो। प्रतिदिन बिहार में सैंकड़ों राउंड गोलियाँ चलती है। सत्ता संरक्षित औसतन प्रतिमाह सैंकड़ों हत्याएं होती है। लूटपाट, छिनतई, चोरी, अपहरण और बलात्कार का कोई लेखा-जोखा नहीं।

NDA के सौजन्य से 2005 के बाद मोदी जी के लाड़ले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के 6-7 लाड़ले गुंडों ने मीडिया प्रमाणित, RSS सर्टिफ़ाइड राम राज्य में दिन-दहाड़े एक छोटी सी लूट की शौकिया घटना को अंजाम देते हुए पुलिस अधीक्षक के आवास और थाने से चंद कदम की दूरी पर अवस्थित तनिष्क शोरूम से मस्ती के साथ 17 मिनट में 25 करोड़ के गहने-जेवरात लूट लिए।
बाक़ी मुख्यमंत्री अचेत अवस्था में है। प्रशासनिक अराजकता चहुंओर फैल चुकी है। भ्रष्टाचारी और गुंडे सरकार चला रहे है। आप स्वयं तथा परिजनों का ख़्याल रखें। व्यापारी वर्ग कृपया अपने जान-माल की स्वयं रक्षा करें। इस भ्रष्ट, अवैध और निकम्मी सरकार से कोई उम्मीद रखना स्वयं को नुकसान एवं धोखे में रखने समान है।