बिहार विधानसभा में आज विपक्ष ने गंगा नदी में हो रहे तेज कटाव के मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया। मनेर विधानसभा क्षेत्र से राजद के विधायक भाई बीरेंद्र ने सदन में सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि गंगा में अभी तेजी से कटाव हो रहा है, जिससे इलाके के कई गांव और खेती-बाड़ी प्रभावित हो रही है। उन्होंने सरकार से तत्काल कटाव रोधी कार्य शुरू करने की मांग की और इसे अत्यंत आवश्यक बताया।
बिहार बजट सत्र में हंगामा: बीजेपी विधायक बोले – नल से पानी बंद, जल जीवन मिशन फेल हो रहा है
भाई बीरेंद्र ने कहा, “गंगा का कटाव लगातार बढ़ रहा है। मनेर के दियारा क्षेत्र में नदी का प्रवाह इतना तेज है कि ग्रामीणों की नींद उड़ी हुई है। कई गांव नदी में समाने के कगार पर हैं। अगर अभी कटाव रोधी कार्य नहीं किए गए तो बड़ा नुकसान हो सकता है। सरकार को तुरंत एक्शन लेना चाहिए।इस मुद्दे पर सदन में चर्चा के दौरान विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा कि कटाव रोकने के लिए अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। मंत्री विजय कुमार चौधरी ने इस पर जवाब देते हुए कहा कि सरकार कटाव की समस्या से अवगत है और जल्द ही संबंधित विभाग के माध्यम से आवश्यक कार्य शुरू किए जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे कराकर उचित उपाय किए जाएंगे।
बता दें कि मनेर क्षेत्र पटना जिले में गंगा के किनारे बसा है, जहां पिछले कुछ समय से नदी का कटाव तेज हुआ है। विधायक भाई बीरेंद्र ने पहले भी इस मुद्दे पर स्थानीय स्तर पर निरीक्षण किया था और अधिकारियों को अनशन की चेतावनी तक दी थी। अब विधानसभा में इस मुद्दे को उठाकर उन्होंने इसे राज्य स्तर पर प्रमुखता दी है।






















