Bihar Politics: बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी से मुलाकात की। सम्राट चौधरी ने जीतन राम मांझी के पटना स्थित आवास पर यह मुलाक़ात की है। मुलाक़ात के दौरान बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन भी मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में मुख्य रूप से दो मुद्दों पर चर्चा हुई—पहला, आगामी चुनाव के लिए सीट बंटवारे का फार्मूला और दूसरा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 22 अगस्त को गया में प्रस्तावित कार्यक्रम।

बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मीडिया से बात नहीं की, लेकिन मंत्री संतोष सुमन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सीट बंटवारे पर चर्चा सकारात्मक माहौल में होगी और यह सही समय पर तय हो जाएगा। उन्होंने कहा हमारा जो डिमांड है, वह सही जगह पर रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अभी मीडिया के सामने हम चर्चा नहीं करेंगे कि कितनी सीट चाहिए। जब-जहां करना है वहीं करेंगे। उन्होंने जीतन राम मांझी के नाराजगी पर कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है, जैसा आप लोग सोच रहे हैं।

दरअसल, कहा जा रहा है कि जीतनराम मांझी इन दिनों बिहार एनडीए से नाराज चल रहे हैं। 8 अगस्त को सीतामढ़ी में मां जानकी मंदिर के शिलान्यास कार्यक्रम, जहां गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे थे, वहां से मांझी की गैरहाजिरी चर्चा का विषय बना हुआ है। अमित शाह के कार्यक्रम से जीतनराम मांझी की दूरी रही, सामने विधानसभा का चुनाव है। ऐसे में माना जा रहा है कि सम्राट चौधरी हम संरक्षक मांझी को मनाने गये थे।
भाजपा सरकार ने किया था अपमान.. रोहिणी आचार्य ने कहा- किस मुंह से भूमि-पूजन करने गए अमित शाह ?
हालांकि संतोष सुमन ने इस बात से साफ़ इनकार कर दिया है। उन्होंने यह भी बताया कि सम्राट चौधरी के साथ बैठक में प्रधानमंत्री के गयाजी दौरे को लेकर भी विस्तृत मंथन किया गया है। हालांकि, सीट बंटवारे के बिंदुओं पर उन्होंने अधिक जानकारी साझा करने से परहेज़ किया और कहा कि समय आने पर सब स्पष्ट कर दिया जाएगा। एनडीए में कोई नाराजगी नहीं है। समय पर सीट का बंटवारा हो जायेगा।






















