Sanjay Yadav Bihar Statement: बिहार की सियासत इन दिनों गरमाई हुई है। एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य रोड शो, तो दूसरी ओर विपक्षी दलों के तीखे हमले ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राज्यसभा सांसद और तेजस्वी यादव के सबसे करीबी सहयोगी संजय यादव ने शनिवार को पटना में बीजेपी और जेडीयू सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “आज बिहार में अपराधियों का राज है, हत्या और गोलीबारी आम हो चुकी है, और सरकार सुशासन का ढोंग कर रही है।”
संजय यादव ने केंद्र और राज्य सरकार दोनों पर निशाना साधते हुए कहा, “देश के गृह मंत्री पटना में मौजूद हैं और जेडीयू का उम्मीदवार हत्या करवा रहा है — यह किस तरह का सुशासन है? यह कानून का राज नहीं, अपराधियों का राज है। बिहार की विधि व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है।” उन्होंने कहा कि अगर किसी को इस बात पर संदेह है तो नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की रिपोर्ट उठाकर देख लेनी चाहिए, जिससे साफ हो जाएगा कि अपराध के मामले में बिहार की स्थिति कितनी भयावह है।
अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद मोकामा में पुलिस अलर्ट, DGP बोले- जांच जारी, 80 से ज्यादा गिरफ्तारियां
प्रधानमंत्री मोदी के रोड शो पर तंज कसते हुए संजय यादव ने कहा, “प्रधानमंत्री जी का आना बड़ी बात नहीं, लेकिन वे यह बताएं कि बिहार को क्या मिला? उन्होंने 2020 में 19 लाख नौकरियों का वादा किया था, वो नौकरियां कहां गईं? मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बीजेपी नेताओं को यह जवाब देना चाहिए कि बिहार के युवाओं के भविष्य का क्या हुआ।”
संजय यादव ने यह भी कहा कि जब तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने गांधी मैदान से लाखों युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए। उन्होंने कहा, “तेजस्वी जी ने 17 महीने में जो काम किया, वो आज की सरकार 7 साल में नहीं कर सकी। बिहार की जनता सब देख रही है — कौन वादा निभा रहा है और कौन सिर्फ रोड शो कर रहा है।”
उन्होंने आगे कहा कि बिहार में विकास नहीं, दिखावा हो रहा है। अपराध और बेरोजगारी से लोग त्रस्त हैं, और सरकार सिर्फ इवेंट्स में व्यस्त है। संजय यादव ने दावा किया कि तेजस्वी यादव की सभाओं में जनता का उत्साह इस बात का संकेत है कि बिहार अब बदलाव चाहता है।






















