सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र अंतर्गत टेहटी अमनौर मुख्य पथ स्थित हुस्सेपुर चिमनी के निकट बाइक सवार तीन अपराधियों ने आभूषण व्यवसायी से हथियार के बल पर नकद एवं मोबाइल लूट की घटना को अंजाम दिया है। पीड़ित आभूषण व्यवसायी अमनौर थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर गांव निवासी प्रयाग गुप्ता के पुत्र यशराज कुमार बताया गया है। पीड़ित के लिखित शिकायत पर अमनौर थाना पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान में जुटी हुई है। घटना शनिवार की रात्रि की बताई गई है।
इस मामले में पीड़ित ने बताया है कि वह टेहटी बाजार पर अपनी ज्वेलर्स दुकान चलाता है। शुक्रवार की रात वह दुकान बंद कर घर साइकिल से घर लौट रहा था। उसी दौरान हुस्सेपुर चीमनी के पास एक बाइक पर सवार तीन अपराधी पीछा कर आगे से घेर लिये तथा उसे धक्का देकर गिरा दिया। जिसके बाद तीनों ने मिलकर उसको पकड़ लिया तथा उसके पास रखे पैसा व मोबाइल छीन फरार हो गए। तीनों मुंह बांधे हुए थे। पीड़ित ने बताया कि अपराधी 15 हजार रुपया व एक मोबाइल लूट लिया है। वहीं अमनौर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर करवाई करने में जुटी है।




















