सारण में रोहिणी आचार्य को जिताने के लिए पूर्व मंत्री जितेंद्र कुमार राय (Jitendra Kumar Rai) ने मोर्चा संभाल रखा है। मढ़ौरा में राजद कार्यालय का उद्घाटन करते हुए जितेंद्र कुमार राय ने एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने Insider Live से बात करते हुए कहा कि एनडीए सरकार बिहार में 20 साल से है और केंद्र में दस साल से। लेकिन दस साल में इन्होंने जो वादा किया था दो करोड़ नौकरी देंगे, महंगाई कम करेंगे, किसानों की आय दुगनी करेंगे, काला धन वापस लायेंगे और पन्द्रह-पन्द्रह लाख सबके खाते में आ जाएंगे ये सारे वादे इनके झूठे निकले।
उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार ने लोगों को ठगने का काम किया है। महंगाई अभी चरम पर है। जो गैस सिलेंडर यूपीए की सरकार में 400 रुपये मिलता था तो भाजपा के लोग चिल्ला चिल्लाकर कहते थे कि महंगाई बढ़ गई है। इसको खत्म करना है। आज 11 सौ रुपये सिलेंडर लोगों को खरीदना पड़ रहा है। 100 से पार पेट्रोल-डीज़ल है। पर यह मुद्दा नहीं है इन लोगों के लिए।

जितेंद्र कुमार राय ने कहा कि देश में अघोषित इमरजेंसी लगी हुई है। दो-दो राज्य के मुख्यमंत्री को जेल भेज दिया गया है। जो विपक्ष के नेता हैं उनके पीछे ईडी-सीबीआई लगा दे रहे हैं। जो भ्रष्टाचारी नेता हैं बीजेपी में जाते हैं वाशिंग मशीन में धुल जाते हैं। उन्होंने अजीत पवार का उदाहरण देते हुए कहा कि अब वह आदर्शवादी नेता हो गए हैं।
NDA के पास कोई एजेंडा नहीं
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी जीतने के बाद 2015 में मढ़ौरा आए थे और यहां की जनता से वादा किया था कि यहां हम मिठास लायेंगे। चीनी मिल खुलवायेंगे। अब लोग सारी बातें समझ रहे हैं। 10 साल ये पीएम रहें लेकिन कोई पहल नहीं की। इनके पास कोई एजेंडा नहीं है। 17 महीने में तेजस्वी यादव ने ने रोजगार दिया पूरा देश देखा। एक नौजवान ने जो वादा किया दस लाख नौकरी देने का उसमें 5 लाख दे दिया। उसके बाद और देता लेकिन सरकार ही पलट गई।
पूर्व मंत्री ने कहा कि इंडिया गठबंधन का जो एजेंडा है। हम लोग का जो घोषणा पत्र है, वो तमाम वर्ग को ध्यान में रखकर बनाया गया है। और अगर सरकार बनती है तो पहले ही साल एक करोड़ नौकरी की वैकेंसी निकालेंगे। महंगाई कम करेंगे और 500 रुपये सिलेंडर फिक्स कर देंगे। 200 यूनिट बिजली मुफ्त करेंगे। जिन परिवार का रोजगार नहीं है, गरीबी रेखा से नीचे हैं उन्हें प्रति महीने साढ़े आठ हजर रुपया देंगे ताकि उनका जीवन यापन चलता रहे।




















