बिहार के सारण जिले के मांझी नगर पंचायत क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान कथा-मटकोर की रस्म में भाग ले रही महिलाओं और लड़कियों पर हमला कर दिया गया। इस दौरान शरारती तत्वों ने न सिर्फ मारपीट और पथराव किया, बल्कि गहने छीनने का भी प्रयास किया। इस घटना के बाद क्षेत्र में सामाजिक तनाव बढ़ गया है, और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, मियां पट्टी गांव में छोटे महतो की बेटी की शादी के अवसर पर कथा-मटकोर का आयोजन किया जा रहा था। नाच-गाने के दौरान कुछ अज्ञात युवकों ने महिलाओं के समूह में घुसपैठ की और छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब महिलाओं ने विरोध किया, तो हिंसा भड़क उठी और शरारती तत्वों ने पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में कम से कम 6 महिलाएं और बच्चे घायल हो गए, जिन्हें स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। पुलिस के आते ही आरोपी फरार हो गए, लेकिन स्थानीय लोगों ने उनकी पहचान बताने का दावा किया है।
इसके बाद मांझी थाना पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए घटना स्थल का निरीक्षण किया। घायलों के बयान दर्ज किए गए हैं, और आरोपियों की तलाश जारी है। स्थानीय नेताओं ने तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है, लेकिन अभी तक कोई धरपकड़ नहीं हुई है।