लॉ प्रेप ट्यूटोरियल, बिहार द्वारा शुक्रवार को 2,000 से अधिक छठ व्रतियों के बीच साड़ी, साया, ब्लाउज और फल वितरित किए गए। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। अभिषेक गुंजन पिछले 5 वर्षों से अपने स्मृतिशेष दादा नंद किशोर सिंह और नाना श्याम देव प्रसाद शाही के नाम पर यह पुण्य कार्य कर रहे हैं।
जिसमें संस्थान के संस्थापक अभिषेक गुंजन ने गरीब और निर्धन परिवारों को साड़ी वितरण कर छठ पूजा में उनकी सहायता की। अभिषेक ने कहा कि उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी आर्थिक तंगी के कारण इस पर्व को न छोड़े, क्योंकि छठ उनके लिए एक भावनात्मक जुड़ाव है। जिला परिषद सदस्य मन्नू शाही ने अभिषेक के इस कार्य की प्रशंसा की और इसे गर्व का विषय बताया। कार्यक्रम में स्थानीय लोग भी शामिल हुए और इस पहल की सराहना की। सुधीर सिंह, उज्ज्वल बब्बू, सुमंत, मनीष कुमार सहित कई ग्रामवासी मौजूद रहे।
छठ पूजा, जिसे सूर्य षष्ठी पूजा के नाम से भी जाना जाता है, भारत के बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के तराई क्षेत्रों में मनाया जाने वाला एक प्रमुख हिंदू पर्व है। यह पर्व सूर्य देव और छठी मइया (षष्ठी देवी) की उपासना के लिए समर्पित है, जो संतान की रक्षा और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए पूजी जाती हैं। यह त्योहार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मुख्य रूप से मनाया जाता है, जो आमतौर पर दीपावली के छह दिन बाद आता है।






















