Sasaram RJD Candidate Satyendra Sah: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नामांकन के अंतिम दिन सासाराम से बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। महागठबंधन के घटक दल राजद (RJD) के प्रत्याशी सत्येंद्र साह को नामांकन दाखिल करने के कुछ ही देर बाद अनुमंडल कार्यालय परिसर से गिरफ्तार कर लिया गया। इस अचानक हुई गिरफ्तारी से सासाराम राजनीतिक रूप से गरमा गया है, वहीं महागठबंधन खेमे में भी हलचल मच गई है।
सूत्रों के मुताबिक, सत्येंद्र साह के खिलाफ किसी पुराने आपराधिक मामले में वारंट जारी था। इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। हालांकि, रोहतास के एसपी रौशन कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया जा सकता कि राजद प्रत्याशी को किस विशेष मामले में गिरफ्तार किया गया है, लेकिन कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तारी की गई है।
सत्येंद्र साह का राजनीतिक सफर भी काफी दिलचस्प रहा है। वर्ष 2010 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस (जे) के प्रत्याशी के रूप में सासाराम सीट से चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें छह हजार से अधिक वोट मिले थे। इसके अलावा लगभग तीन वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी पत्नी को नगर निगम सासाराम से मेयर पद का उम्मीदवार बनाया था। हालांकि, उस चुनाव में सफलता नहीं मिली थी।

राजनीतिक पृष्ठभूमि के साथ-साथ सत्येंद्र साह का नाम कई पुराने विवादों से भी जुड़ा रहा है। बताया जाता है कि करीब डेढ़ दशक पहले उनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए गए थे। ऐसे में चुनावी नामांकन के दिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी ने पहले ही तरह-तरह के कयासों को जन्म दे दिया था। और नामांकन के कुछ देर बाद हुई गिरफ्तारी ने इन अटकलों को सही साबित कर दिया।






















