बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) की जन संवाद यात्रा निकालने से पहले बुधवार को पटना स्थित राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) कार्यालय में के बंद कमरे में सांसदों, विधायकों और पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बैठक हुई। खास बात यह है कि बैठक से मीडिया को दूर रखा गया, उन्हें अंदर आने की अनुमति नहीं दी गई। इससे सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। बैठक से पूर्व भी जो विधायक और सांसद पार्टी कार्यालय पहुंच रहे थे उन्होंने भी इस बैठक को लेकर कुछ जानकरी नहीं दी। खुद तेजस्वी यादव भी यह कहते दिखे कि पार्टी की बैठक होती रहती है।
माना जा रहा है कि तेजस्वी यादव की बिहार यात्रा को लेकर ही यह बैठक हुई है। यह यात्रा 2025 की तैयारी भी मानी जा रही है। बैठक के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान का हमेशा ख्याल रखेगी। 10 सितंबर से शुरू हो रही जन संवाद यात्रा के दौरान वे जिले के सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें भी करेंगे। इसके लिए उन्होंने जिलों के पदाधिकारियों से पहले से तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान वे जिलों में पार्टी की स्थिति, स्थानीय समस्याओं और राजनीतिक हालात पर फीडबैक लेंगे। बैठक की अध्यक्षता आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने की। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
बता दें कि तेजस्वी यादव की जन संवाद यात्रा का 10 सितंबर से आगाज होगा। पहले चरण में वे समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी समेत मिथिलांचल क्षेत्र का दौरा करेंगे। खास बात यह है कि इस दौरान उनके साथ कोई भी राष्ट्रीय या राज्य स्तरीय नेता नहीं रहेगा। वे स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ ही यात्रा करेंगे। बिहार में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में तेजस्वी की इस यात्रा के जरिए आरजेडी अपनी जमीन को मजबूत करने की कोशिश करेगी।




















