बिहार के तीन नेताओं की सुरक्षा बढ़ाई गई है. इन नेताओं को वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई है. बिहार सरकार ने राज्य के तीन प्रमुख नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है. इनमें सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के नेता शामिल हैं. जिन नेताओं की सुरक्षा बढ़ाई गई है उनमें बीजेपी सांसद गोपाल ठाकुर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और एलजेपी सांसद शांभवी को Y श्रेणी की सुरक्षा दी गई है. गृह विभाग ने इस बारे में राज्य पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र लिखकर जरूरी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
नीतीश सरकार के पत्र में कहा गया है कि राज्य के विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा को लेकर 1 अगस्त 2025 को राज्य सुरक्षा समिति की बैठक हुई. इस बैठक में दो सांसद और एक विधायक की सुरक्षा को वाई कैटेगरी की सुरक्षा देने का फैसला लिया गया है. इन नेताओं में गोपाल ठाकुर दरभंगा से सांसद हैं. इन्हें वाई कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है. इनके अलावा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक राजेश राम को वाई कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है. इससे पहले लगभग 2 हफ्ते पहले ही बिहार की नीतीश सरकार ने 6 नेताओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया था. इस फैसले के तहत बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को राज्य सरकार ने एएसएल के साथ जेड प्लस कैटेगरी की सुरक्षा दी है. इससे पहले तक सम्राट चौधरी को जेड कैटेगरी की सुरक्षा प्राप्त थी. बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए गृह विभाग ने नेताओं की सुरक्षा को लेकर समीक्षा की है.
दरअसल, चुनावी माहौल में राज्य में राजनीतिक गतिविधियां बढ़ी हैं और जनसभाओं और रैलियों में भीड़ बढ़ रही है. ऐसे में नेताओं की सुरक्षा से समझौता ना हो इसे देखते हुए सम्राट चौधरी के साथ ही तेजस्वी यादव, पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, जेडीयू नेता नीरज कुमार, बीजेपी नेता ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ ज्ञानू और बीजेपी सांसद प्रदीप कुमार की सुरक्षा बढ़ाई गई है. बिहार सरकार ने सुरक्षा एजेंसियों के साथ समीक्षा के बाद यह फैसला लिया.






















