बिहार पुलिस के सेवारत कर्मियों को अब दुर्घटना पर 2.30 करोड़ रुपए तक की सहायता मिलेगी। पहले जहां व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर ₹5 से ₹20 लाख तक था, जो इस साल जुलाई में बढ़ कर ₹50 लाख तक हुआ था। उसे इस विशेष सैलरी पैकेज में बढ़ाकर ₹1.50 करोड़ कर दिया गया है और कई अतिरिक्त लाभ भी दिए जा रहे है। सब मिला कर लगभग ₹2.30 करोड़ तक मिलने की सम्भावना है। इसके अतिरिक्त, हवाई दुर्घटना में मृत्यु पर ₹1.5 करोड़ रुपए का अतिरिक्त कवर भी प्रदान किया जाएगा।
कर्मियों के लिए स्थायी पूर्ण विकलांगता पर ₹1.50 करोड़ और आंशिक विकलांगता के लिए ₹1.50 करोड़ तक का कवर प्रदान किया जाएगा, जो विकलांगता के प्रतिशत पर आधारित होगा। आतंकवाद विरोधी या नक्सल विरोधी अभियानों में शामिल कर्मियों को ₹1.5 करोड़ का कवर मिलेगा। प्लास्टिक सर्जरी, बर्न्स, इंपोर्टेड दवाओं की लागत, एयर एम्बुलेंस कवर, और कोमा के बाद मृत्यु (48 घंटे बाद) के लिए ₹10 लाख तक का अतिरिक्त कवर प्रदान किया जाएगा। इस वर्ष पहली बार ₹20 लाख का टर्म लाइफ इंश्योरेंस भी शामिल किया गया है, जो आत्महत्या को भी कवर करेगा (बशर्ते 12 महीने से अधिक की सेवा हो)।
इसके अलावा पुलिस कर्मियों को बैंक ऑफ बड़ौदा के साथ कोलैबोरेशन के बाद शून्य बैलेंस खाता, मुफ्त डेबिट और क्रेडिट कार्ड, लॉकर शुल्क पर 50% की छूट, और कम से कम ब्याज दर पर लोन सुविधाएं शामिल हैं। कर्मियों को पर्सनल लोन, वेतन ओवरड्राफ्ट (₹3 लाख तक), और डीमैट खाते की वार्षिक रखरखाव शुल्क की पूरी छूट भी मिलेगी। पहले जहां MOD/SWEEP सुविधा का न्यूनतम बैलेंस ₹25,000 था, उसे नए समझौते में घटाकर ₹10,000 कर दिया गया है जो कि आने वाले 3-4 महीने में होने की संभावना है।
वहीं सेवानिवृत्त कर्मियों के लिए ₹75 लाख का बीमा कवर होगा, जिसमें स्थायी पूर्ण और आंशिक विकलांगता के लिए भी ₹75 लाख तक का कवर शामिल है। सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके परिवारजनों के लिए शून्य बैलेंस खाते की सुविधा, मुफ्त डेबिट और क्रेडिट कार्ड, और पर्सनल लोन की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इसके अलावा, सेवानिवृत्त कर्मियों को लॉकर शुल्क पर 50% की छूट मिलेगी। सेवानिवृत्त कर्मियों के बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए ₹7.5 लाख का कवर और बेटियों की शादी के लिए भी ₹7.5 लाख तक का कवर मिलेगा। बिहार पुलिस के कर्मियों के परिवारजनों के लिए भी शून्य बैलेंस खाता, मुफ्त डेबिट और क्रेडिट कार्ड, और अन्य बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसके अतिरिक्त, दुर्घटना से होने वाली मृत्यु पर बेटियों की शादी और बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए भी बीमा कवर प्रदान किया जाएगा।